संसद के मानसून सत्र का आज 12वां दिन है। राज्यसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हो गई है। इससे पहले भारी हंगामे की वजह से दोपहर 12 बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी। लोकसभा की कार्यवाही चल रही है। लोकसभा में विपक्षी पार्टियों ने मंकीपॉक्स पर संसद में तत्काल चर्चा की मांग की है। संसद के दोनों सदनों में आज भी हंगामे होने के आसार हैं। विपक्ष महंगाई, अग्निपथ स्कीम, GST पर सरकार को घेर सकता है।

इधर, संसद सत्र से पहले दिल्ली के लाइब्रेरी हाउस में भाजपा की संसदीय दल की बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री समेत भाजपा के कई बड़े नेता शामिल हुए। बैठक में जेपी नड्डा ने सांसदों से कहा कि हर घर तिरंगा के लिए वातावरण बनाएं। इस दौरान उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान पर लोगों को जागरुक करने की बात कही। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक हर घर में तिरंगा लगवाना शुरू करें।

महंगाई पर वित्त मंत्री बोलीं- UPA में 9 बार महंगाई डबल डिजिट में रही
इससे पहले सोमवार को लोकसभा में महंगाई पर चर्चा की गई। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में महंगाई पर सरकार की ओर से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि UPA के दौरान देश में महंगाई 9 बार डबल डिजिट में रही। 22 महीने रिटेल महंगाई 9% से ज्यादा रही, जबकि हम महंगाई को 7% से नीचे लाने की कोशिश कर रहे हैं।