आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मेक्सिको का सबसे खतरनाक ज्वालामुखी फटा है। इसे पॉपोकेटपेटल नाम से जाना जाता है। ये ज्वालामुखी सेंट्रल मेक्सिको में मौजूद है। रविवार को इस क्षेत्र में अलर्ट को बढ़ा दिया गया है। लोकल प्रशासन ने स्कूल और पब्लिक पार्क बंद कर दिए हैं। इसके अलावा कई फ्लाइट्स भी देरी से उड़ान भर रही हैं।

ज्वालामुखी के 60 मील के दायरे में लगभग 2 करोड़ 50 लाख लोग रहते हैं। मेक्सिको के नेशनल सिविल प्रोटेक्शन कॉर्डिनेशन (CNPC) ने रविवार को येलो फेज 3 का अलर्ट जारी किया। इसके बाद ज्वालामुखी के आसपास बसे गांवों में रह रहे करीब 30 लाख लोगों को इलाका खाली करने की तैयारी करने के लिए कहा गया। साथ ही उन्हें घरों से बाहर नहीं निकलने की भी सलाह दी गई है। CNPC ने ज्वालामुखी के आसपास के क्षेत्र में तेजी से राख फैलने की चेतावनी दी है।

रविवार को इटली का माउंट एटना ज्वालामुखी भी फटा

वहीं रविवार को इटली में मौजूद दुनिया का सबसे एक्टिव ज्वालामुखी माउंट एटना ​​​​​​​भी फट गया। इसकी वजह से सिसली द्वीप के पास मौजूद कटानिया का एयरपोर्ट बंद कर दिया गया। माउंट एटना यूरोप का सबसे ऊंचा और सक्रिय ज्वालामुखी है। दो साल पहले 9 अगस्त को भी यह फटा था। NASA की एक रिपोर्ट के मुताबिक माउंट एटना में साल 1169 में हुए विस्फोट से 15 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई।

शनिवार को बंद हो गया था एयरपोर्ट​​​

इससे पहले शनिवार को मेक्सिको सिटी के बेनिटो जुआरेज अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट (AICM) को राख फैलने के बाद अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि ये ज्वालामुखी 15 मई से सक्रिय है और आने वाले समय में इसमें गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। पॉपोकेटपेटल को मेक्सिको का सबसे खतरनाक ज्वालामुखी कहा जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसके आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं।

सबसे पहले 1994 में सक्रिय हुआ था पॉपोकेटपेटल ज्वालामुखी

पॉपोकेटपेटल ज्वालामुखी सबसे पहले 1994 में सक्रिय हुआ था। इसके बाद साल 2000 में इसमें काफी बड़ा विस्फोट हुआ था। तब करीब 50 हजार लोगों को क्षेत्र खाली करके जाना पड़ा था। इसके बाद भी कई बार ये ज्वालामुखी सक्रिय हुआ है जिसे देखते हुए अधिकारी समय-समय पर चेतावनी जारी करते रहते हैं।

ज्वालामुखी क्या होता है?

ज्वालामुखी धरती की सतह पर मौजूद प्राकृतिक दरारें होती हैं। एक ज्वालामुखी का निर्माण एक प्लैनेटरी-मास ऑबजेक्ट की परत में टूटने से होता है।