आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय फुटबॉल टीम के हेड कोच और मैनेजर इगोर स्टीमाक को पाकिस्तान के खिलाफ फुटबॉल मैच में रेड कार्ड दिखाया गया। SAFF चैंपियनशिप में दोनों टीमें बेंगलुरु के मैदान पर ग्रुप-ए का मुकाबला खेलने उतरी थीं। यहां हाफ टाइम के ठीक पहले पाकिस्तानी प्लेयर थ्रो-इन कर रहा था, लेकिन स्टीमाक को लगा कि यहां फाउल हुआ है और उन्होंने बॉल को खिलाड़ी से छीन कर नीचे फेंक दिया।

हाथ से बॉल छीनने पर पाकिस्तान खिलाड़ी मैनेजर से लड़ने पहुंच गए, लेकिन रेफरी और भारतीय खिलाड़ियों ने बीच में आकर स्थिति संभाली। विवाद के दौरान खेल करीब 4 मिनट तक रुका रहा, स्टीमाक को फील्ड से दूर ले जाया गया और रेफरी ने उन्हें रेड कार्ड दिखाया।

45वें मिनट में थ्रो फेंकने से रोका

बुधवार शाम 7:30 बजे बेंगलुरु के कांतीरावा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान की टीमें साउथ एशियन फुटबॉल फेडरेशन (SAFF) चैंपियनशिप में ग्रुप-ए के मुकाबले में आमने-सामने हुईं। 15 मिनट के अंदर ही भारत ने 2 गोल की बढ़त बना ली, 45वें मिनट में पाकिस्तानी खिलाड़ी हाफ लाइन से टीम इंडिया के गोल पोस्ट की ओर बॉल लेकर दौड़ा। भारतीय खिलाड़ी उनके सामने आया और बॉल खिलाड़ी से लगकर आउट-लाइन के बाहर चली गई।

पाकिस्तान प्लेयर को लगा कि बॉल भारतीय खिलाड़ी के पैर से लग कर बाहर गई है, इसीलिए उसने थ्रो-इन करने के लिए बॉल को जल्दी से उठा लिया। टीम इंडिया के हेड कोच इगोर स्टीमाक इस दौरान लाइन के बाहर ही खड़े थे। उन्होंने देखा कि बॉल पाकिस्तान प्लेयर से लगकर आउट-लाइन से बाहर गई, इसीलिए उन्होंने खिलाड़ी को थ्रो करने से रोक दिया। स्टीमाक ने फुटबॉल को खिलाड़ी के हाथ से नीचे गिरा दिया।

कोच के बीच में आने पर फील्ड पर मौजूद सभी पाकिस्तान प्लेयर्स स्टीमाक की ओर दौड़ पड़े, तभी भारतीय खिलाड़ी और रेफरी बीच में आ गए। विवाद बढ़ा, रेफरी और दोनों कप्तानों ने अपनी टीम के खिलाड़ियों को शांत कराया। करीब 4 मिनट तक खेल रुका और नेपाल के रेफरी प्रज्वोल छेत्री ने कोच स्टीमाक को रेड कार्ड दिखा दिया। इस दौरान पाकिस्तानी कोचिंग स्टाफ के भी एक मेंबर को यलो कार्ड दिखाया गया।

नेपाल के खिलाफ ग्राउंड पर नहीं आ सकेंगे

हाफ टाइम पर रेड कार्ड मिलने के बाद स्टीमाक को फील्ड से दूर ले जाया गया। वह अब 24 जून को नेपाल के खिलाफ मैच में टीम इंडिया के साथ फील्ड पर मौजूद नहीं रह सकेंगे। स्टीमाक को इससे पहले 2021 में भी SAFF चैंपियनशिप के दौरान ही रेड कार्ड दिखाया जा चुका है। तब मालदीव के खिलाफ सेमीफाइनल में कॉन्ट्रोवर्सी के कारण के वह नेपाल के खिलाफ फाइनल में ग्राउंड पर नहीं आ सके थे।