आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल:  पाकिस्तान के कराची में गुरुवार को एक हिंदू डॉक्टर बीरबल जेनानी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आई स्पेशलिस्ट जेनानी कराची मेट्रोपॉलिटन कॉरपोरेशन में हेल्थ डिपार्टमेंट के सीनियर डायरेक्टर के पद पर रह चुके थे। पुलिस ने इस घटना को टारगेट किलिंग बताया है।

पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर जेनानी अपनी असिस्टेंट डॉक्टर के साथ रामस्वामी इलाके से गुलशन-ए-इकबाल स्थित घर जा रहे थे। इसी दौरान एक गनमैन ने उनकी कार पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमले से कार अनियंत्रित हो गई और एक दीवार से टकरा गई, जिससे डॉ. जेनानी की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी असिस्टेंट को भी गोलियां लगी हैं। सिंध के गवर्नर कामरान खान ने घटना पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने पुलिस से रिपोर्ट मांगी है।

हिंदू रेस्टोरेंट मालिक को पुलिस अफसर ने पीटा था

पिछले हफ्ते ही घोटकी जिले में एक हिंदू रेस्टोरेंट मालिक को पुलिसवाले ने पीटा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेस्टोरेंट मालिक अपने दूसरे हिंदू साथियों के साथ लोकल मार्केट में डिलिवरी के लिए बिरयानी बना रहा था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में पुलिस अफसर हाथ में डंडा लिए नजर आया। उसने रेस्टोरेंट मालिक पर रमजान के नियम तोड़ने का आरोप लगाया था।

पुलिस अफसर ने डंडे से उसे पीटा। इसके बाद रेस्टोरेंट मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया। रेस्टोरेंट मालिक अफसर से कहता रहा कि वह हिंदू है और खाना दूसरी जगह लेकर जा रहा है। रमजान के दौरान वह रेस्टोरेंट में खाना नहीं परोसता है। इसके बाद पुलिस ने रेस्टोरेंट मालिक से जबरदस्ती धार्मिक ग्रंथ पर हाथ रखकर कसम दिलवाई। रेस्टोरेंट मालिक को प्रताड़ित किया गया। उसके अलावा 12 से ज्यादा लोगों को भी गिरफ्तार किया गया था।