केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से लगातार दूसरे दिन मिलने के बाद दिल्ली में धरना दे रहे पहलवानों ने शुक्रवार देर रात विरोध प्रदर्शन वापस लेने की घोषणा की.
कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न सहित कई अन्य गंभीर आरोप लगे थे. बृज भूषण सिंह को पद से हटाने की मांग को लेकर सभी पहलवान दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे थे.
शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मिलने के बाद देर रात पहलवानों ने ठाकुर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की.
इस दौरान केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि खिलाड़ियों की ओर से लगाए गए आरोपों की अगले चार हफ्ते में जांच पूरी की जाएगी और तब तक बृजभूषण सिंह को कुश्ती संघ से दूर रखा जाएगा.
प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा, “सभी खिलाड़ियों को केंद्रीय मंत्री (अनुराग ठाकुर) ने आश्वासन दिया है. सभी को समझाया भी है… हम खिलाड़ी अपने आंदोलन को बंद कर रहे हैं क्योंकि हमें सरकार ने आश्वासन दिया है. हमें विश्वास है कि हमें न्याय मिलेगा.”
इससे पहले अनुराग ठाकुर ने कहा, “खिलाड़ियों के साथ लगातार चर्चा चली. एक ओवरसाइट कमेटी का गठन किया जाएगा. अगले 4 हफ़्तों में ये अपनी जांच को पूरा करेंगे. जांच पूरी होने तक कमेटी ही संघ के दैनिक काम देखेगी. तब तक भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह अपने आप को दैनिक कार्यकलाप से अलग रखेंगे और जांच में सहयोग करेंगे.”
दिल्ली में धरना देने वाले पहलवानों में विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और रवि दहिया भी शामिल हैं.