बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से एमपी में ठंड फिर से बढ़ गई है। प्रदेश में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की है।
भोपाल: एमपी (MP Weather News) की राजधानी भोपाल में ठंडी हवाएं चल रही हैं। पूरे दिन धुंध के साथ हल्का कोहरा रहा है। इसके साथ ही तेज हवाएं भी चल रही हैं। ऐसे में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिली है। इन परिस्थितियों की वजह से अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। एक फरवरी 2023 तक मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। बाद के दो दिनों के लिए 3-5 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।
तीन फरवरी के बाद एमपी में हल्की ठंड और बढ़ सकती है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक शैलेंद्र नायक ने कहा है कि सात फरवरी 2023 तक मध्यप्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की बहुत संभावना है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ दो फरवरी 2023 से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। वर्तमान में हिमालयी क्षेत्र आमतौर पर पश्चिमी हवाओं के प्रभाव में है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत से मध्यप्रदेश की और हल्की नम उत्तरी हवाओं का आगमन हो रहा है।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने अलग से कोई बदलाव को लेकर चेतावनी जारी नहीं की है। भोपाल में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है। वहीं, नर्मदापुरम में 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा है। सबसे कम तापमान गुना और गवालियर में 10.6 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है। वहीं, दिन के तापमान में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। दिन में धूप नहीं निकल रहा है। इसकी वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा।