आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल में नेतन्याहू के ज्यूडिशियल रिफॉर्म बिल के विरोध के लिए पूरा इजराइल सड़कों पर उतर आया है। अब टीचर्स और डॉक्टर्स भी अपना काम छोड़कर प्रदर्शनों में शामिल हो गए हैं। इसकी जानकारी इजराइल की सबसे ट्रे़ड यूनियन के हेड इसाक हेर्जोग ने दी है। वहीं, इजराइल के तेल अवीव एयरपोर्ट पर काम करने वाले सभी लोग नेतन्याहू की सरकार के खिलाफ हड़ताल पर चले गए हैं। इसके चलते फ्लाइट्स के टेक ऑफ करने पर रोक लगा दी गई है।
इजराइल में महीनों से चल रहे प्रदर्शन सोमवार को फिर से तेज हो गए। दरअसल, नेतन्याहू ने रविवार को डिफेंस मिनिस्टर योआव गैलैंट को बर्खास्त कर दिया है। योआव ने शनिवार को टीवी पर एक प्रोग्राम में कहा था कि देश के न्यायालय को कमजोर करने के लिए जो बिल लाया गया है, उससे मिलिट्री में भी फूट पड़ रही है । इससे देश की सुरक्षा को खतरा है। सरकार को विपक्ष के साथ बैठकर बातचीत करनी चाहिए।
नेतन्याहू के घर के बाहर सुरक्षाकर्मियों से भिड़े प्रदर्शनकारी
वहीं रविवार को फिर से इजराइल में लाखों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे और नेतन्याहू से विवादित बिल को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने इजराइल की राजधानी तेल अवीव के मेन हाइवे को ब्लॉक कर दिया।
इजराइल के लोगों ने रविवार को प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू के निजी घर के बाहर भी जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस की इन लोगों से झड़प हुई। वहीं प्रदर्शन के दौरान लोगों ने थालियां भी बजाईं। कई लोगों ने हाइवे पर आग भी जलाई।
एक प्रदर्शनकारी ने BBC को बताया कि नेतन्याहू ने देश के लोकतंत्र को खतरे में डालने की सारी हदें पार कर दी हैं। मामला बढ़ता हुआ देखकर अमेरिका ने भी इजराइल के प्रदर्शन पर कमेंट किए हैं। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ने कहा है कि इजराइल को जल्द से जल्द इस मामले का समाधान करना चाहिए।