आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के प्रमुख नवाज शरीफ अक्टूबर में पाकिस्तान लौटेंगे। इस बात की जानकारी नवाज शरीफ के भाई और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने लंदन में मे हुई एक मीटिंग के बाद दी।

शाहबाज शरीफ केयरटेकर प्रधानमंत्री को पदभार सौंपने के बाद पिछले रविवार को लंदन पहुंच गए थे। यहां उन्होंने अपने बड़े भाई नवाज शरीफ से मुलाकात की। शाहबाज ने बताया कि नवाज शरीफ अक्टूबर में पाकिस्तान लौटेंगे और चुनाव प्रचार का जिम्मा संभालेंगे। हालांकि, वो कौन सी तारीख को आएंगे, इसे लेकर उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी है।

पाकिस्तान के चैनल जियो न्यूज ने नवाज शरीफ के परिवार के हवाले से बताया कि नवाज शरीफ 15 अक्टूबर तक वापस लौट सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक तारीख को लेकर नवाज शरीफ, शाहबाज शरीफ और एक करीबी परिवार के सदस्य के बीच बातचीत हुई, जिसमें तय किया गया कि नवाज अक्टूबर के मध्य में पाकिस्तान लौटें।

90 दिन में हो सकते हैं चुनाव

जियो न्यूज के सूत्रों के मुताबिक नवाज की वापसी में देरी का कारण कुछ ही दिनों पहले पाकिस्तान के चुनाव आयोग की तरफ से की गई घोषणा है, जिसमें कहा गया था कि अगले 90 दिनों में पाकिस्तान में चुनाव हो सकते हैं।

वहीं एक अन्य सूत्र के मुताबिक वापसी में देर का कारण चुनाव की घोषणा नहीं, बल्कि पार्टी के वफादार नेता की सलाह है जिसमें उन्होंने कहा कि सितम्बर के महीने में काफी गरमी है, जिससे कारण रैली में भीड़ आने में दिक्कत हो सकती है।

सितंबर में वापस आने की थी खबर

इससे पहले खबर आई थी कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ सितंबर में लंदन से इस्लामाबाद लौट आएंगे। अगले चुनाव में वो ही पाकिस्तान की PML-N पार्टी का नेतृत्व करेंगे और जीत मिलने पर प्रधानमंत्री भी बनेंगे। पाक PM शाहबाज शरीफ ने गुरुवार को एक इंटरव्यू के दौरान इस बात की पुष्टि की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नवाज पाकिस्तान के चीफ जस्टिस के रिटायर होने का इंतजार कर रहे हैं। CJP बंदियाल का 17 सितंबर को रिटायर हो रहे हैं। इसके बाद नवाज पाकिस्तान लौटेंगे, जहां उन्हें पनामा पेपर लीक केस में राहत मिलने की उम्मीद है।