आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल:  अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर क्रिमिनल केस चलेगा। न्यूयॉर्क की मैनहैटन ग्रैंड जूरी ने गुरुवार को ट्रम्प पर मुकदमा चलाने का फैसला किया है। ट्रम्प पर यह केस 2016 के राष्ट्रपति चुनाव से पहले पॉर्न स्टार के साथ अफेयर और उसे चुप रहने के लिए पैसे देने के आरोप पर चलेगा।

ट्रम्प अमेरिका के पहले ऐसे पूर्व राष्ट्रपति होंगे जिन पर आपराधिक मामला चलेगा। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, ट्रम्प को इस केस के बारे में जानकारी दे दी गई है। उनके वकील से कहा गया है कि वे 4 अप्रैल तक मैनहैटन कोर्ट में ट्रम्प का सरेंडर कराएं। इसके बाद ट्रम्प पर लगे आरोपों का खुलासा किया जाएगा।

पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने केस पर कहा- मुझ पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। इसकी न्यूयॉर्क में निष्पक्ष सुनवाई नहीं हो सकती। यह जो बाइडेन पर भारी पड़ेगा। अमेरिका की जनता सब समझती है कि कट्टरपंथी और वामपंथी डेमोक्रेट क्या कर रहे हैं।