आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आखिरकार वो राज खोल दिया है जिसको लेकर उनके आलोचक तंज कस रहे थे। ट्रम्प ने बताया है कि अगर वो दूसरी बार प्रेसिडेंट बने तो वो रूस और यूक्रेन की जंग को महज एक दिन में कैसे खत्म करेंगे।
ट्रम्प के मुताबिक- यह बहुत मुश्किल काम नहीं है। मुझे सिर्फ दो फोन करने हैं। एक यूक्रेन के प्रेसिडेंट वोल्दोमिर जेलेंस्की को और दूसरा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को। दोनों के सामने जंग खत्म करने के लिए सिर्फ एक ऑप्शन होगा।
ट्रम्प ने करीब एक साल पहले जो बाइडेन पर तंज कसा था। ट्रम्प ने कहा था- ‘अमेरिकी राष्ट्रपति चाहें तो रूस और यूक्रेन की जंग 24 घंटे में खत्म हो सकती है। मैं अगर 2024 में दोबारा प्रेसिडेंट बना तो ये करके भी दिखाउंगा।’
तो आखिर ट्रम्प का प्लान क्या है
अमेरिकी टीवी चैनल ‘फॉक्स न्यूज’ को दिए इंटरव्यू में इस प्लान का खुलासा किया। कहा- ‘जेलेंस्की और पुतिन दोनों मेरे अच्छे दोस्त हैं। जेलेंस्की को मैं बहुत अच्छे से जानता हूं। यही बात पुतिन के मामले में भी है। मैं जेलेंस्की से कहूंगा- अब आपको जंग खत्म करने के लिए डील करनी ही होगी। और पुतिन से कहूंगा- अगर आपने यूक्रेन से डील नहीं की तो हम उन्हें (यूक्रेन को) इतनी मदद देंगे कि आपने सोचा भी नहीं होगा। इसके बाद दोनों के पास कोई रास्ता नहीं बचेगा और उन्हें जंग के खात्मे की डील करनी ही पड़ेगी।’
बाइडेन पर ट्रम्प ने फिर निशाना साधा। कहा- ‘दुनिया के बाकी नेता बहुत इंटेलिजेंट हैं, और सच्चाई ये है कि हमारा प्रेसिडेंट उनसे डील कर ही नहीं पाता। इसमें कोई दो राय नहीं कि बाइडेन अमेरिकी हिस्ट्री में अब तक के सबसे कमजोर प्रेसिडेंट हैं।’
बाइडेन के पास काबिलियत ही नहीं
एक सवाल के जवाब में ट्रम्प ने कहा- फ्रांस के प्रेसिडेंट एमैनुएल मैक्रों हों या व्लादिमिर पुतिन, ये लोग बहुत शार्प और इंटेलिजेंट होने के साथ सख्त भी हैं। वो पूरी ताकत और दिमाग के साथ डिप्लोमैटिक फ्रंट पर पत्ते चलते हैं। दूसरी तरफ, हमारा प्रेसिडेंट ऐसा है कि उसे दुनिया में क्या चल रहा है, इसका ही पता नहीं होता। इसलिए मैं कहता हूं कि बाइडेन अमेरिका के लिए भी बेहद खतरनाक हैं।
अमेरिका के इतिहास में ट्रम्प ऐसे पहले पूर्व राष्ट्रपति हैं, जिन्हें फेडरल चार्ज में अदालत के सामने पेश होना पड़ा। बहरहाल, सुनवाई के बाद ट्रम्प को घर जाने की मंजूरी मिल गई थी।
ट्रम्प ने पिछले साल बाइडेन एडमिनिस्ट्रेशन पर गंभीर आरोप लगाए थे। ट्रम्प के मुताबिक- 2021 में जब अमेरिका ने अफगानिस्तान छोड़ा तो वो अपने आर्मी डॉग यूनिट वहीं छोड़ आया। हम चीन के डर की वजह से अफगानिस्तान से भागे और यह काम रात के अंधेरे में किया गया।ट्रम्प ने कहा था- अमेरिका ने अफगानिस्तान में सरेंडर नहीं तो और क्या किया था। पहले सैनिक वहां से निकले। इसके साथ ही उन्होंने 85 अरब डॉलर के इक्विपमेंट बगराम मिलिट्री बेस में लावारिस छोड़ दिए।