आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने ब्रिटेन में मौजूद अपने ऐंबैस्डर वादिम प्रिस्टाइको को बर्खास्त कर दिया है। प्रिस्टाइको ने कुछ दिनों पहले सार्वजनिक रूप से जेलेंस्की की आलोचना की थी। शुक्रवार को यूक्रेन के प्रेसिडेंट ऑफिस की तरफ से जारी एक स्टेटमेंट में बताया गया कि प्रिस्टाइको को राजदूत और इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गेनाइजेशन में यूक्रेन के प्रतिनिधि के पद से हटाया जाता है।
हालांकि, इसमें बर्खास्तगी का कारण नहीं बताया गया। दरअसल, लिथुआनिया में NATO समिट के दौरान ब्रिटेन के डिफेंस सेक्रेटरी बेन वैलेस ने कहा था कि कीव को पश्चिमी देशों से मिल रही मदद के लिए और ज्यादा आभार जताना चाहिए।
इस पर जेलेंस्की ने व्यंग्य करते हुए कहा था कि वैलेस चाहें तो यूक्रेन के लोग रोज सुबह उठकर उन्हें पर्सनली शुक्रिया कह सकते हैं। इस बयान पर स्काई न्यूज से बात करते हुए प्रिस्टाइको ने जेलेंस्की की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि इस तरह की अनहेल्दी बयानबाजी देशहित में नहीं है।
वैलेस ने कहा था- हम यूक्रेन की मदद कर रहे, लेकिन हम अमेजन सर्विस नहीं
11-12 जुलाई को हुई NATO समिट के दौरान वैलेस ने कहा था- रूस के साथ जंग में यूक्रेन को पश्चिमी देश लगातार मदद पहुंचा रहे हैं। आपको ये अच्छा लगे या न लगे लेकिन लोग चाहते हैं कि इस मदद के लिए पश्चिमी देशों की सराहना की जाए। मैं पिछले साल जून में जब 11 घंटे की यात्रा करके यूक्रेन गया था तो मैंने कहा था कि हम अमेजन सर्विस नहीं हैं।
अगर कोई देश आपकी मदद कर रहा है तो आपको उसे बार-बार ये जताना होगा कि उसकी मेहनत बेकार नहीं जा रही है। उन्हें इस मदद का क्रेडिट भी मिल रहा है।
जेलेंस्की ने कहा था- हम हमेशा ब्रिटेन के शुक्रगुजार
वैलेस के इस बयान पर जेलेंस्की ने कहा था कि हम जंग में मदद के लिए हमेशा ब्रिटेन, वहां के प्रधानमंत्री और डिफेंस मिनिस्टर के शुक्रगुजार रहेंगे। ब्रिटेन हमारा पार्टनर है और उन्होंने हमारी बहुत मदद की है। मुझे नहीं पता कि अब वो क्या चाहते हैं। हम और किस तरह से उन्हें धन्यवाद कह सकते हैं। वैलेस को मुझे चिट्ठी लिखकर ये बताना चाहिए कि हम उनका आभार जताने के लिए और क्या कर सकते हैं।
प्रिस्टाइको बोले- जेलेंस्की का बयान सही नहीं
इसके बाद इस बयानबाजी के अगले दिन स्काई न्यूज ने पूरे मामले पर ब्रिटेन में यूक्रेन के ऐंबैस्डर वादिम प्रिस्टाइको से बात की। प्रिस्टाइको ने कहा- जेलेंस्की के बयान में व्यंग्य नजर आ रहा था। मुझे नहीं लगता ये हमारे लिए अच्छा है। हमें रूस को ये नहीं दिखाना चाहिए कि हमारे बीच किसी भी तरह का तनाव है। उन्हें सिर्फ यही संदेश जाना चाहिए कि हम हर स्थिति में साथ खड़े रहेंगे। अगर वैलेस को लगता है कोई परेशानी है तो वो मुझे खुद फोन करके इसकी जानकारी दे सकते हैं।
NATO के साथ है यूक्रेन का भविष्य
NATO समिट के दौरान संगठन और उसके मेंबर देशों ने इस बात पर सहमति जताई थी कि यूक्रेन को उनके साथ शामिल होने का हक है। NATO चीफ जेन स्टोल्टेनबर्ग ने कहा था कि यूक्रेन का भविष्य NATO के साथ है, लेकिन वो संगठन में कब शामिल होगा, इसे लेकर कोई तारीख नहीं बताई गई थी।
CNN को दिए इंटरव्यू में बाइडेन ने कहा था कि यूक्रेन को अब भी मेंबर देश बनने से पहले इसके लिए जरूरी टारगेट हासिल करने की जरूरत है। साथ ही जब तक जंग खत्म नहीं हो जाती, तब तक इसमें शामिल नहीं हो सकता है।