आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चीन ने ‘अंकल रॉजर’ के नाम से मशहूर ब्रिटिश-मलेशियन कॉमेडियन निगेल एनजी का सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड कर दिया है। उन्होंने हाल ही में एक शो के दौरान शी जिनपिंग की सरकार का मजाक उड़ाया था। इसके बाद सरकार ने कहा- निगेल एनजी ने कानून का उल्लंघन किया है, इसलिए उसके बिलिबिली और वीबो अकाउंट को ब्लॉक किया गया है।

‘अंकल रॉजर’ ने एक कॉमेडी शो के दौरान ऑडियंस में मौजूद एक शख्स से पूछा कि वो कहां के रहने वाले हैं। जबाव में शख्स ने कहा- चीन के ग्वांगझोउ। फिर ‘अंकल रॉजर’ ने मुंह बनाते हुए कहा- चीन अच्छा देश है। अब तो यही कहना पड़ेगा, है ना…यहां हो रही हमारी बातें भी रिकॉर्ड हो रही हैं। क्योंकि इस शख्स के पास हुवावे का फोन है। इसके बाद ‘अंकल रॉजर’ ने शख्स की जेब में रखे फोन पर हाथ रखा और कहा- राष्ट्रपति शी अमर रहें (लॉन्ग लिव प्रेसिडेंट शी)।

‘अंकल रॉजर’ यहीं नहीं रुके उन्होंने ताइवान से आए लोगों की तरफ देखते हुए कहा- ये तो देश ही नहीं है….उम्मीद करते हैं कि ये जल्द अपनी मातृभूमि (चीन) में फिर से शामिल होगा। इसी दौरान ऑडियंस ठहाके लगाती नजर आई। दरअसल, चीन हमेशा ताइवान को अपना हिस्सा बताता है और इस पर कब्जा करना चाहता है।

अब अंकल रॉजर के हुवावे को लेकर किए गए मजाक को समझिए…

अंकल रॉजर ने कहा- शख्स के पास हुवावे का फोन है…हमारी बातें रिकॉर्ड हो रही हैं। दरअसल, चीन की सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के एक पूर्व इंजीनियर रेन की कंपनी हुवावे पर अमेरिकी कंपनी सिस्को सिस्टम की टेक्नोलॉजी चुराने का आरोप है।

वहीं, कनाडा, ब्राजील, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे कई देशों ने हुवावे के खिलाफ जांच कराई। ब्रिटेन ने साफ तौर पर कहा कि हुवावे अपने नेटवर्क का इस्तेमाल चीन की फौज के लिए जासूसी में करती है। भारत ने भी इस कंपनी को एंट्री नहीं दी। अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड भी हुवावे पर बैन लगा चुके हैं।

चीन में सेना का अपमान करने पर महिला गिरफ्तार

4 दिन पहले चीन में एक महिला को सेना का अपमान करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। शी नाम की महिला पर आरोप था कि उसने चीनी सेना पर किए गए मजाक पर कमेडियन का समर्थन किया था। दरअसल, एक कॉमेडी शो के दौरान मशहूर चीनी कमेडियन हाओशी ने दो कुत्तों के बिहेवियर की तुलना शी जिनपिंग के मिलिट्री स्लोगन से कर दी थी। इस मजाक पर कमेडियन को कंपनी से निकाल दिया गया। इस पर महिला ने कहा था कि कमेडियन को बर्खास्त करना गलत है।