अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपने चीनी समकक्ष वांग यी के खिलाफ सख्त तेवर अपनाए।

अमेरिका में संदिग्ध चीनी जासूसी गुब्बारा दिखाई देने के घटनाक्रम के बाद पहली बार दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की मुलाकात हुई। वार्षिक म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपने चीनी समकक्ष वांग यी के खिलाफ सख्त तेवर अपनाए।

जानकारी के मुताबिक, मुलाकात के दौरान ब्लिंकन ने चेतावनी दी कि यह ‘गैर जिम्मेदाराना हरकत फिर कभी नहीं होनी चाहिए’।

अमेरिका ने रूस से सहयोग के लिए चीन भी को चेताया

वहीं अमेरिका ने यूक्रेन युद्ध में रूस को दिए जा रहे सहयोग के लिए चीन को चेताया है। उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा है कि चीन का सहयोग यूक्रेन में रूसी आक्रमण को बढ़ाने वाला होगा। इससे मरने वालों की संख्या बढ़ेगी और नियम आधारित व्यवस्था कमजोर होगी।

हैरिस ने यह बात जर्मनी में हो रहे सुरक्षा सम्मेलन में कही है। इस सम्मेलन में चीन भी हिस्सा ले रहा है। हैरिस ने कहा, यूक्रेन युद्ध के प्रारम्भ से चीन का रूस के साथ बढ़ा सहयोग अमेरिका को चिता में डाल रहा है। कहा, पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के प्रभाव को कमजोर करने के लिए चीन रूस को किसी तरह के सामान की आपूर्ति न करे।

बता दें, यूक्रेन युद्ध शुरू होने से ठीक पहले चीन ने रूस के साथ सीमा से परे दोस्ती का ऐलान किया था। युद्ध के लगभग एक वर्ष के दौरान चीन ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रूस का समर्थन किया, साथ ही बड़ी मात्रा में तेल और गैस की लगातार खरीद कर रूसी अर्थव्यवस्था को सहारा दिए हुए है।

चीन के साथ अमेरिका के संबंधों में हाल के दिनों में हुए जासूसी गुब्बारा प्रकरण से गिरावट आई है। हैरिस ने यूक्रेन युद्ध में ईरान और उत्तर कोरिया द्वारा रूस को दिए जा रहे सहयोग की निदा की है। उन्होंने रूस पर यूक्रेन में मानवता के विरुद्ध अपराध करने का आरोप लगाया।