आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कनाडा में इंडियन कॉन्स्यूलेट के बाहर खालिस्तानी समर्थकों के प्रदर्शन पर भारत सरकार ने नई दिल्ली में मौजूद कनाडाई हाई कमिशनर को तलब किया। विदेश मंत्रालय ने उनसे पूछा- अगर वहां सिक्योरिटी मौजूद थी तो प्रदर्शनकारी मिशन की बिल्डिंग तक कैसे पहुंचे? इस लापरवाही पर भारत को सख्त ऐतराज है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा- भारत सरकार ने कनाडा से जवाब मांगा है। हमने पूछा है कि पुलिस के मौजूद होते हुए भी खालिस्तानी समर्थक हमारे डिप्लोमैटिक मिशन और कॉन्स्यूलेट तक कैसे पहुंच गए। हमें उम्मीद है कि कनाडा सरकार हमारे डिप्लोमैट्स और मिशन की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाएगी।

भारत ने कनाडा को याद दिलाया वियना कन्वेंशन

बागची ने कहा- हमने कनाडा की सरकार को वियना कन्वेंशन के तहत उनकी जिम्मेदारियां याद दिलाई हैं। हमने उन्हें ऐसे व्यक्तियों को गिरफ्तार करने और उन पर मुकदमा चलाने को कहा है जो पहले से ही ऐसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उम्मीद है कि कनाडा सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।

19 मार्च को कैंसिल हुआ था इवेंट

दरअसल, 19 मार्च को कनाडा में खालिस्तानी समर्थकों ने भारतीय मिशन के बाहर प्रदर्शन किया था। इसकी वजह से भारतीय हाई कमीशन को अपना एक इवेंट कैंसिल करना पड़ा था। यह कार्यक्रम सरे में ताज पार्क कन्वेंशन सेंटर में कनाडा में भारतीय दूत संजय कुमार वर्मा को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया जा रहा था। प्रदर्शन के दौरान खालिस्तानी समर्थकों ने एक भारतीय मूल के पत्रकार पर भी हमला किया था।