आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: G20 समिट के लिए ज्यादातर मेहमान 8 सितंबर को दिल्ली पहुंचे। इनमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो शामिल हैं।

राष्ट्राध्यक्षों के अलावा दुनिया के तमाम बड़े ऑर्गनाइजेशन्स के चीफ भी इस समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं। इनमें इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड यानी IMF की चीफ क्रिस्टलिना जिर्योजिवा के अलावा वर्ल्ड बैंक के चीफ अजय बंगा भी शामिल हैं।

बेहद खुश दिखीं IMF चीफ

IMF की चीफ क्रिस्टलिना जिर्योजिवा जब दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरीं और उनका यहां जो स्वागत हुआ तो वो बेहद खुश नजर आईं। उनके स्वागत के लिए ओडिशा के लोक कलाकार सम्बलपुरी धुन पर डांस कर रहे थे। खास बात ये रही कि ये धुन और इन लोक कलाकारों का अंदाज क्रिस्टलिना को भा गया। देखते ही देखते वो थिरकने लगीं और उन्होंने कुछ देर तक ये डांस स्टेप्स फॉलो करने की कोशिश की। इस दौरान वर्ल्ड मीडिया के कैमरे उनका यह अंदाज कैद करते रहे।