आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल में रिकार्ड संख्या में रोगी पंजीकरण हुआ । 4349 मरीजों का पंजीकरण किया गया । मरीजों के पंजीकरण की बढ़ती हुई संख्या दर्शाती है कि लोगों का एम्स पर विश्वास बढ़ा है जिसके कारण लम्बी दूरी तय करके भी लोग यहाँ पर इलाज कराने आ रहे है । लगभग 260 किमी दूर बवाड़ीखेड़ा से आए 42 साल के शिव मूरत बताते हैं कि पेट में कई महीनों से दर्द रहता था । आसपास के तमाम डाक्टरों को दिखाया पर कोई आराम नहीं मिला । जब यहाँ आकर दिखाया तो जाँच होने के बाद डाक्टर साहब ने ऑपरेशन के लिए बताया । हमारे पास आयुष्मान कार्ड भी था तो हमारा कोई खर्चा भी नहीं लगा । अब बहुत आराम है । वहीं नरसिंहपुर जिले के कँन्धरापुर गाँव से आयी मुन्नी वंशकार ने बताया कि आँख से ठीक दिखाई नहीं पड़ता था, तमाम दवाई डाल ली । यहाँ डाक्टर ने ऑपरेशन किया । आधे घंटे में ऑपरेशन हो गया । 15 दिन काला चश्मा लगाना पड़ा, अब ठीक दिखता है । एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह बताते है कि यहाँ पर मरीजों की बढ़ती हुई संख्या एम्स के प्रति उनके विश्वास को दर्शाती है और हम भी अपना सर्वोत्तम देने का प्रयास करते हैं ताकि मरीज जल्दी से जल्दी स्वस्थ्य हो सके ।