आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पाकिस्तान में 4 दिन तक चले पॉलिटिकल ड्रामे के बाद शुक्रवार देर रात पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान लाहौर में अपने घर जमान पार्क पहुंच गए। खान को इस्लामाबाद और लाहौर हाईकोर्ट से एक साथ 3 राहत मिली हैं। इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने अल कादिर यूनिवर्सिटी केस में उन्हें 2 हफ्ते के लिए जमानत दे दी। साथ ही कोर्ट ने कहा- खान को किसी भी केस में 17 मई तक गिरफ्तार नहीं किया जा सकता।

वहीं लाहौर हाईकोर्ट ने पूर्व PM को 4 केस में 22 मई तक जमानत देते हुए 15 मई तक गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। इमरान खान ने कहा- फौज में लोकतंत्र जैसा कुछ नहीं है। ये सब आर्मी चीफ के इशारे पर हुआ है। उन्हें डर है कि अगर मैं सत्ता में आया तो उन्हें हटा दूंगा। हालांकि मैं ऐसा नहीं करने वाला और ये मैंने उन्हें बताया है। मैं फौज और उनके चीफ के साथ अच्छे रिश्ते चाहता हूं।

आर्मी चीफ बोले- मार्शल लॉ नहीं लगाएंगे

वहीं शुक्रवार को पाकिस्तानी फौज के चीफ जनरल आसिम मुनीर ने कहा- हम देश में मार्शल लॉ नहीं लगाएंगे। हम लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं। दूसरी तरफ, पाकिस्तान कैबिनेट में इमरजेंसी के प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया। इससे पहले इस्लामाबाद हाईकोर्ट के फैसला सुनाने के बाद इमरान उसकी कॉपी लेने के लिए रात 10.30 बजे तक कोर्ट में ही थे। इसके बाद वो अपनी सिक्योरिटी टीम के साथ लाहौर के लिए रवाना हो गए।

इमरान को इतना रिलीफ मिलने पर होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने जियो न्यूज से कहा- मुल्क क्या, दुनिया के इतिहास में किसी आरोपी को एक साथ और बिना शर्त इतनी राहत कभी नहीं दी गई होगी। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस कुर्सी से उठकर इमरान का स्वागत करते हैं। जमानत के बाद उन्हें- विश यू ऑल द बेस्ट कहते हैं।

पुलिस बनाम पुलिस

शुक्रवार दोपहर इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर अजीब हालात बन गए। एक तरफ हाईकोर्ट ने खान को अल कादिर ट्रस्ट केस में जमानत दी। दूसरी तरफ- पंजाब पुलिस उन्हें दूसरे मामलों में गिरफ्तार करने पहुंच गई।

इमरान ने इसकी शिकायत हाईकोर्ट बेंच से की। इस पर बेंच ने उन्हें किसी भी मामले में गिरफ्तार न किए जाने का फैसला सुना दिया। यह फैसला आने से पहले इस्लामाबाद और पंजाब पुलिस की टीमों के बीच बहस भी हुई। बाद में पंजाब पुलिस लौट गई।

एक और घटना हाईकोर्ट के अंदर हुई। 9 मई को इमरान को गिरफ्तार किए जाने के फुटेज और जज को धमकी देने वाले केस की फाइल हाईकोर्ट से गायब हो गई। इस पर हाईकोर्ट ने कोई आदेश नहीं दिया।

शाहबाज शरीफ ने क्या कहा

कैबिनेट मीटिंग में प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने कहा- इमरान नियाजी चाहता है कि पाकिस्तान हर सूरत में डिफॉल्ट हो जाए। 1971 में मुल्क दो टुकड़े हुआ था। फिर बेनजीर का कत्ल हुआ। सबको मालूम था कि कौन गुनहगार है।