आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) प्रमुख इमरान खान पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक, इस्लामाबाद पुलिस हेलीकॉप्टर लेकर लाहौर पहुंच चुकी है और किसी भी वक्त इमरान को गिरफ्तार किया जा सकता है।

इस बीच, पीटीआई के कार्यकर्ता भी भारी संख्या में जुट गए हैं। पुलिस से उनकी झड़प हो सकती है। इमरान खान के खिलाफ दो गैर-जमानती वारंट जारी हुए हैं और उन्हीं की तामील के लिए इस्लामाबाद पुलिस आई है।

इमरान खान के पीछे क्यों पड़ी है पुलिस

तोशखाना मामले में अदालतों में पेश न होने और एक महिला मजिस्ट्रेट को धमकाने के दो अलग-अलग मामलों में ये गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट हुए हैं।

पिछले साल आंदोलन के दौरान वजीराबाद में गोली मारे जाने से घायल होने के बाद चोट से उबर रहे पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान दोनों मामलों में कोर्ट के सामने पेश नहीं हुए हैं। दोनों अदालतों ने पुलिस से इमरान खान को क्रमशः 18 व 21 मार्च को पेश करने को कहा है।