प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को कर्नाटक और महाराष्ट्र का दौरा करेंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास करेंगे। दोनों राज्यों में पीएम के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं।
पीएम मोदी सुबह कर्नाटक के यादगिरि और कलाबुरगी जिलों का दौरा करेंगे और यादगिरि जिले के कोडेका में सिंचाई, पेयजल और एक राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, सभी घरों में नल कनेक्शन के माध्यम से सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के प्रयास में जल जीवन मिशन के तहत यादगीर बहु-ग्राम पेयजल आपूर्ति योजना की आधारशिला कोडेकल में रखी जाएगी।
योजना के तहत 117 एमएलडी का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। 2,050 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना से यादगिरि जिले के 700 से अधिक ग्रामीण आवासों और तीन कस्बों के लगभग 2.3 लाख परिवारों को पीने योग्य पानी उपलब्ध होगा।
इसके बाद पीएम मोदी मुंबई में लगभग 38,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के लिए शाम तक मुंबई पहुंचेंगे। वह मुंबई मेट्रो की दो लाइनों का उद्घाटन करेंगे और मेट्रो की सवारी भी करेंगे।