आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ईडी ने मंगलवार सुबह हैदराबाद से अरुण पिल्लई को गिरफ्तार किया। हैदराबाद निवासी अरुण रामचंद्रन पिल्लई पेशे से बिजनेसमैन हैं।
दिल्ली शराब घोटाले में सीबीआई के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) एक्शन में है। जानकारी के मुताबिक, ईडी ने मामले में 11वीं गिरफ्तार कर ली है। वहीं तिहाड़ जेल में बंद मनीष सिसोदिया से अब ईडी पूछताछ करने जा रही है। यह पूछताछ बैरक नंबर 1 में होगी जहां मनीष सिसोदिया को रखा गया है।
ईडी ने मंगलवार सुबह हैदराबाद से अरुण पिल्लई को गिरफ्तार किया। हैदराबाद निवासी अरुण रामचंद्रन पिल्लई पेशे से बिजनेसमैन हैं। अरुण पिल्लई इस मामले में आरोपी हैं और कथित तौर पर एक कंपनी में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के कविता का प्रतिनिधित्व करते थे।
ईडी ने केस चार्जशीट में के कविता का नाम लिया था, जिसमें एक शराब कंपनी इंडोस्पिरिट्स में 65 फीसदी हिस्सेदारी रखने का आरोप लगाया था। जांच एजेंसी ने उनसे 11 दिसंबर, 2022 को उनके हैदराबाद स्थित आवास पर पूछताछ की थी।
20 मार्च तक तिहाड़ जेल में रहेंगे मनीष सिसोदिया
इससे पहले सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मनीष सिसोदिया को 20 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। सिसोदिया को विशेष न्यायाधीश एमके नागपाल के समक्ष पेश किया गया था। सोमवार को ही अदालत द्वारा दी गई सात दिन की हिरासत अवधि समाप्त हुई थी।
कार्यवाही के दौरान सीबीआई ने आप समर्थकों के साथ-साथ मीडिया पर भी मामले का ‘राजनीतिकरण’ करने का आरोप लगाया। सीबीआई ने दावा किया कि जिन गवाहों का अभी तक सामना नहीं हुआ है, वे अभियुक्तों के आचरण से ‘भयभीत’ हैं।