आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह के कुशल नेतृत्व में एक बार फिर एम्स भोपाल ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति हासिल की । रोग नियंत्रण केंद्र (सीडीसी) अटलांटा, अमेरिका और एम्स नई दिल्ली के विशेषज्ञों की एक टीम ने अस्पताल में होने वाले संक्रमण की निगरानी के लिए आज एम्स भोपाल का दौरा किया । टीम का नेतृत्व सीडीसी के डॉ. डेनियल वी. ने किया ।
इस अवसर पर, सीडीसी और एम्स दिल्ली की 4 सदस्यीय टीम ने अस्पताल में होने वाले संक्रमण (एचएआई) के विभिन्न मापदंडों का ऑडिट किया और मेडिकल आईसीयू, सर्जिकल आईसीयू, बाल चिकित्सा आईसीयू, नवजात आईसीयू और लेबर रूम में रक्त संक्रमण, मूत्रमार्ग संक्रमण, वेंटिलेटर से संबंधित निमोनिया और सर्जिकल साइट संक्रमण दरों की पड़ताल की । टी. करुणा द्वारा सौरभ सहगल, जे.पी. शर्मा, पुष्पलता और शिखा मलिक के सहयोग से एचएआई के क्षेत्र में चल रहे कार्यों की काफी सराहना की गई ।
सीडीसी की टीम ने प्रोफेसर अजय सिंह से मुलाकात की और एम्स भोपाल में उनके प्रत्यक्ष मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण के तहत अस्पताल संक्रमण नियंत्रण समिति की चल रही अनुकरणीय गतिविधियों पर प्रसन्नता व्यक्त की, जो कि मध्य भारत में अग्रणी है ।