आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रक्षाबंधन के चलते भोपाल के बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। कपड़ा, राखी और सराफा दुकानों पर ग्राहकों की खासी भीड़ है। इससे कारोबार में 30% तक उठाव आया है। अबकी बार स्वदेशी राखियों पर ज्यादा जोर है। यही कारण है कि अहमदाबाद, सूरत, दिल्ली और मुंबई से राखियां मंगाई गई हैं। बुधवार को भी बाजारों में भीड़ रहेगी।

बुधवार को रक्षाबंधन पर्व है। इसके चलते मंगलवार सुबह से ही बाजारों में लोग खरीदारी करने पहुंचे। न्यू मार्केट, लखेरापुरा, सराफा, चौक, आजाद मार्केट, 10 नंबर मार्केट, बिट्‌ठन मार्केट, कोलार, अवधपुरी आदि बाजारों में भी देर रात तक लोग खरीदारी करने पहुंचे। सबसे ज्यादा भीड़ राखी, कपड़ा और मिठाई दुकानों पर देखने को मिली। महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। न्यू मार्केट में महिला और युवतियों में मेहंदी लगवाने का भी क्रेज देखने को मिला।

सुपरहीरो और कार्टूनस वाली रखियों का बना रहा ट्रेंड

औगी, टॉम एंड जैरी, डोरेमोन, सिनचेन, छोटा भीम, सुपरमैन, पोकेमैन, शक्तिमान जैसे कार्टूनस और सुपरहीरो की रखियां हर साल की तरह इस बार भी दुकानों में दिखाई दी।

मोदी और चंद्रयान- राखियों की भी रही डिमांड

न्यू मार्केट में दुकानदारों ने बताया कि इस बार बच्चे कार्टूंस वाली राखियों के अलावा चंद्रयान-3 और मोदी वाली रखियां भी खरीदना पसंद कर रहे हैं। मोदी राखी की बहुत डिमांड है। अलग-अलग वैरायटी की हजारों राखियां लेकर आए हैं।

भोपाल में बनी राखियां भी बिक रही

चौक बाजार में राखी की दुकान लगाने वाले रोहित ने बताया कि इस बार भी अहमदाबाद, सूरत, दिल्ली और मुंबई से राखियां मंगवाई है। इसके अलावा भोपाल में भी राखी बनाई गई है, जिसकी कीमत 10 से 50 रुपये के बीच है। चायना की राखी नहीं बेची जा रही है। स्वदेशी राखियों पर ही जोर है। लगातार दूसरे साल कारोबार में उठाव है।

कपड़ा, नारियल, मिठाई की बिक्री भी

रक्षाबंधन के चलते कपड़ा, नारियल और मिठाई की बिक्री भी हो रही है। बैरागढ़, न्यू मार्केट, लखेरापुरा, 10 नंबर मार्केट की कपड़ा दुकानों पर भीड़ है। बुधवार को भी भीड़ रहेगी।

मुस्लिम महिलाओं ने बनाई राखी

राजधानी में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुस्लिम महिलाओं ने ‘चांद पर चंद्रयान’ के प्रिंट की बड़ी रखी बनाई है। ‘चांद पर चंद्रयान’ रक्षासूत्र बनाकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वैज्ञानिकों को धन्यवाद देकर उनकी लंबी आयु की कामना की।