आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय कुलपति केजी सुरेश ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के बिशनखेड़ी स्थित नवीन परिसर माखनपुरम में शुक्रवार 15 सितम्बर को दीक्षांत समारोह एवं नवीन परिसर का लोकार्पण हो रहा है । सुरेश ने बताया कि विश्वविद्यालय का यह चतुर्थ दीक्षांत समारोह है, जिसमें विश्वविद्यालय के कुलाध्यक्ष एवं भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शामिल होंगे । सुरेश ने बताया कि इस अवसर पर विश्वविद्यालय की महापरिषद के अध्यक्ष एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ल भी दीक्षांत समारोह में उपस्थित रहेंगे ।
कुलपति सुरेश ने बताया कि दीक्षांत समारोह में जून 2018 से दिसंबर 2022 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएगी, जिसमें स्नातकोत्तर एवं पीएचडी के 23 विद्यार्थियों सहित लगभग साढ़े चार सौ विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएगी । सुरेश ने बताया कि दीक्षांत समारोह लंबे समय से लंबित था एवं बीच में कोरोना काल के कारण नहीं हो पाया था, लेकिन अब विश्वविद्यालय के बिशनखेड़ी स्थित माखनपुरम परिसर के गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में 15 सितम्बर को यह आयोजन होने जा रहा है । कुलपति सुरेश ने बहुत ही खुशी जताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार दीक्षांत समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के अपने स्वयं के माखनपुरम परिसर में आयोजित किया जा रहा है ।
सुरेश ने विश्वविद्यालय के नवीन परिसर के बारे में बताया कि दादा माखनलाल चतुर्वेदी की पुण्याई है कि दो कमरों से शुरु हुए इस विश्वविद्यालय के भोपाल सहित पांच परिसर हैं । विश्वविद्यालय के सोलह सौ अध्ययन केंद्र हैं। जिनमें लगभग दो लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। सुरेश ने जानकारी देते हुए बताया बिशनखेड़ी के पास पचास एकड़ में विश्वविद्यालय का माखनपुरम परिसर बसा हुआ है। जिसमें दो अकादमिक भवन तक्षशिला एवं विक्रम शिला हैं । विश्वविद्यालय के चार-चार मंजिला भव्य इन दो ब्लॉक में कुल दस विभाग संचालित होते हैं । उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश फिल्म फ्रैंडली राज्य के रुप में भी स्थापित हो चुका है एवं भोपाल में कई फिल्मों एवं धारावाहिकों की लगातार शूटिंग होती रहती है। यहां बहुत प्रतिभाशाली युवा एवं कलाकार हैं । उन्होंने कहा कि इसी साल विश्वविद्यालय द्वारा एक नया विभाग सिनेमा अध्ययन विभाग शुरु किया गया है । इस विभाग के खुलते ही कई सारे बड़े कलाकार भी विश्वविद्यालय में कई सेमीनार, व्याख्यान के लिए आ चुके हैं । जिसमें केरला स्टोरी की पूरी स्टार कॉस्ट भी हमारे विद्यार्थियों के बीच आ चुकी है । राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत भारतीय भाषा विभाग की भी स्थापना की गई है। परिसर में ही एक बड़े भवन में नालंदा पुस्तकालय है, जो कि केंद्रीय पुस्तकालय है, जिसमें 42 हजार से ज्यादा पत्रकारिता, मीडिया, जनसंचार, प्रबंधन, विज्ञापन, जनसंपर्क, कम्प्यूटर आदि अन्य विषयों की महत्वपूर्ण पुस्तकें है । साथ ही हर विभाग की अपनी लाईब्रेरी भी है । हर विभाग का अपना सभागार एवं कांफ्रेस हॉल भी है । सुरेश ने बताया कि बड़े आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के पास विख्यात पत्रकार, संपादक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी के नाम से एक बड़ा सभागार भी है।