सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के लाल परेड मैदान में मंगलवार को आयोजित सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 में तकनीक का एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने एक रोबोट पहुंचा। रोबोट ने मुख्यमंत्री से हाथ मिलाया और इसके बाद उनके साथ कदमताल करते हुए चलने लगा। मुख्यमंत्री और रोबोट का यह अनोखा दृश्य कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। सीएम यूथ कॉन्क्लेव का आयोजन मध्यप्रदेश के युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप, उद्यमिता और नई तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन जैसे उभरते क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया गया।

कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में युवाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक युवाओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है। विभिन्न विभागों और संस्थानों की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी कक्षों में युवाओं को करियर, कौशल, रोजगार, स्टार्टअप और तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। रोबोट के साथ मुख्यमंत्री की कदमताल ने इस आयोजन के तकनीकी पक्ष को भी खास बना दिया। यह दृश्य इस बात की झलक देता है कि युवा कार्यक्रमों में आधुनिक तकनीक और नवाचार को किस तरह प्रमुखता दी जा रही है। कार्यक्रम में गायक जुबिन नौटियाल सहित अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का हिस्सा रहीं।


Hashtags: #BhopalCity #Bhopal #कदमत #एनएन #टवर #आईट #गलव #2026 #तकन #भपलम