आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी आज, सोमवार (4 सितंबर) को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 138 अंक की तेजी के साथ 65,525 के स्तर पर खुला। वहीं, निफ्टी में 90 अंक की तेजी देखने को मिली, यह 19,525 के स्तर पर ओपन हुआ। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में तेजी और 5 में गिरावट देखने को मिल रही है।

जियो फाइनेंशियल सर्विस की सर्किट लिमिट बढ़ी

BSE ने जियो फाइनेंशियल सर्विस के शेयर की सर्किट लिमिट को 5% से 20% कर दिया है। यह सीमाएं 4 सितंबर 2023 से लागू हो चुकी हैं। यानी अब कंपनी के शेयर में लोअर या अपर सर्किट 5% की जगह 20% पर लगेगा।

इस हफ्ते ओपन होंगे तीन IPO

इस हफ्ते शेयर मार्केट में लिस्टिंग के लिए तीन इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) ओपन होंगे। इसमें रत्नवीर प्रिसिजन इंजीनियरिंग लिमिटेड, जुपिटर लाइफ लाइन हॉस्पिटल्स लिमिटेड और EMS लिमिटेड शामिल है। इसमें से रत्नवीर प्रिसिजन इंजीनियरिंग लिमिटेड का IPO आज से निवेश के लिए खुल गया है।

शुक्रवार को शेयर बाजार में रही थी तेजी

इससे पहले महीने के पहले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार (1 सितंबर) को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 555 अंक की तेजी के साथ 65,387 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में 181 अंक की तेजी देखने को मिली, यह 19,435 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में तेजी और 4 में गिरावट देखने को मिली थी।