सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल ने शनिवार को 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया। इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन एम्स के आयुष विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 6:30 बजे गांधी गैलरी (आईपीडी भवन) में हुआ।
कार्यक्रम में एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह के नेतृत्व में संकाय सदस्य, छात्र-छात्राएं, स्टाफ व आमजन शामिल हुए। प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों ने कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार योगासन व प्राणायाम का अभ्यास कराया, जिससे सकारात्मक और शांतिपूर्ण वातावरण का निर्माण हुआ।
इस अवसर पर भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय से संयुक्त सचिव निखिल गजराज, एम्स के अध्यक्ष सुनील मलिक, डीन (शैक्षणिक) रजनीश जोशी, उप निदेशक (प्रशासन) मयंक कपूर व चिकित्सा अधीक्षक मयंक दीक्षित विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अजय सिंह ने कहा, “योग शरीर, मन और पर्यावरण के बीच सामंजस्य का माध्यम है। एम्स भोपाल न केवल उपचार केंद्र है, बल्कि निवारक और जागरूकता आधारित स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।”
कार्यक्रम का समापन सामूहिक ऊर्जा, शांति और समर्पण के भाव के साथ हुआ, जिसने योग की सार्वभौमिक उपयोगिता को दर्शाया।

#एम्स_भोपाल #योग_दिवस_2025 #एक_पृथ्वी_एक_स्वास्थ्य #अंतरराष्ट्रीय_योग_दिवस #स्वास्थ्य_जागरूकता #योग_अभ्यास