सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जयप्रकाश जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कलेक्टर भोपाल कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने ओपीडी में दी जा रही सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। जिसमें बाह्य रोग विभाग, पंजीयन व्यवस्था, एक्स-रे, फिजियोथैरेपी सहित कई विभागों की सेवाओं को देखा। फिजियोथैरेपी यूनिट में मरीजों की कम संख्या मिलने पर फिजियोथैरेपी सेवाओं की जानकारी प्रदर्शित करने और यूनिट के आवश्यकता अनुसार उन्नयन को प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक्स-रे करवाने के लिए मरीजों की लंबी कतार को देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए टोकन या सिरियल नंबर से एक्स-रे करने के निर्देश दिए। ओपीडी पंजीयन में भी मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए विशेष रूप से वृद्ध और गंभीर बीमारियों के मरीजों की बैठक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सिंह ने सिविल सर्जन से कहा कि वे गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित करें कि अस्पताल आने वाले मरीज को कम से कम समय में उपचार मिल सके।
कलेक्टर ने कहा कि उच्च रक्तचाप, डायबिटीज के उपचार और फॉलोअप सहित विभिन्न सामान्य व मौसमी बीमारियों के इलाज की सुविधा मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक में उपलब्ध है। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय के ओपीडी लोड को कम करने के लिए मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक से सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए स्थानीय स्तर से प्रेरित किया जाए।

#सिविल_सर्जन #मरीज_सेवा #ट्रीटमेंट_समय #अस्पताल_प्रबंधन #स्वास्थ्य_सेवा