सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर मध्यप्रदेश भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय, भोपाल द्वारा विश्वविद्यालय मुख्य परिसर में “योग संगम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा घोषित विषय “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” के अंतर्गत सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य योग की सार्वभौमिक उपयोगिता को स्थापित करना एवं समग्र स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता का प्रसार करना था।यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की दसवीं वर्षगांठ को चिह्नित करने हेतु प्रस्तावित “योग संगम” पहल के अंतर्गत आयोजित प्रमुख कार्यक्रमों में से एक था, जिसका मुख्य उद्देश्य व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से योग की पहुँच को अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है।


कार्यक्रम के प्रारंभ में मध्यप्रदेश शासन के योगाभ्यास कार्यक्रम तथा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्धबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। उसके पश्चात ~ विशाखापत्तनम से माननीय प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्धबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया ।योग सत्र का संचालन विशिष्ट योग प्रशिक्षक राखी मिश्रा द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों को कॉमन योगा प्रोटोकाल अनुसार विभिन्न आसनों, प्राणायाम एवं ध्यान की तकनीकों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षिका द्वारा प्रत्येक योगाभ्यास की वैज्ञानिक व्याख्या, लाभ एवं सावधानियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।


“योग संगम” कार्यक्रम न केवल एक योगाभ्यास सत्र था, अपितु यह भारतीय सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य संवर्धन का सामूहिक प्रतीक भी रहा। इस अवसर ने प्रतिभागियों को नित्य जीवन में योग को अपनाने हेतु प्रेरित किया एवं योग के वैज्ञानिक और व्यावहारिक पक्ष को उजागर किया। योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आफ प्रैक्टिस डॉक्टर बी बी शर्मा ने योग के जीवन में महत्व और महर्षि पतंजलि के योग सूत्र की चर्चा की l इस अवसर पर संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय के भोपाल क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक, हर्षवर्धन तोमर ने योग और भारतीय संस्कृति के आदर्शों पर प्रकाश डाला l उन्होंने कहा कि योग सिर्फ एक शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि यह एक जीवन दर्शन है l इस कार्यक्रम में योग प्रशिक्षिका डॉक्टर राखी मिश्रा ने कहा कि इस वर्ष “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” विषय पर ध्यान केंद्रित किया गया हैl यदि हमें स्वयं को शारीरिक कष्टों से बचाना है तो योग को दैनिक जीवन में अपनाना होगा l योग को अपने जीवन और दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा l उन्होंने कहा कि हम सभी को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा धरती पर नंगे पैर जरूर चलना चाहिए , इससे एक्यूप्रेशर से हमारे शरीर की कई बीमारियां ठीक होती हैं l


कार्यक्रम के संयोजक और विश्वविद्यालय के कुल सचिव सुशील मंडेरिया ने आभार व्यक्त करते हुए योगाभ्यास करने हेतु सभी को प्रेरित किया और योगिनी एकादशी के विशेष महत्व को भी बताया l इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से निर्देशक विभा मिश्रा , अनीता कौशल तथा कुलसचिव सुशील मंडेरिया द्वारा योग प्रशिक्षिका राखी मिश्रा एवं उनके सहयोगी सिन्हा को विश्वविद्यालय की ओर से सम्मानित किया गया  l

#अंतरराष्ट्रीय_योग_दिवस #योग_संगम #भोज_मुक्त_विश्वविद्यालय #योगाभ्यास #योग_2025 #स्वास्थ्य_जागरूकता