सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी, गोरेगांव में दिनांक 21 सितम्बर 2025 तक आयोजित की जा रही 12वीं वेस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप (शॉटगन) में गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश सहित चार राज्यों के 150 से अधिक निशानेबाज़ भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ी ट्रैप, डबल ट्रैप और स्कीट – इन तीन प्रमुख शॉटगन विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन, डबल ट्रैप और स्कीट स्पर्धाओं का रोमांचक समापन हुआ। जहाँ महिला वर्ग में श्रजल सिंह ने जूनियर, सीनियर और यूथ – तीनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्णिम इतिहास रचा, वहीं पुरुष वर्ग में अब्दुल्लाह अली ने भी तीनों वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इनके अलावा, श्रदुल सेन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन रजत पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। एनआर स्कीट (महिला वर्ग) में श्रजल सिंह ने रचा इतिहास मध्य प्रदेश की प्रतिभाशाली निशानेबाज़ श्रजल सिंह ने जूनियर, सीनियर और यूथ तीनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। यह प्रदर्शन उनकी तकनीकी दक्षता, मानसिक एकाग्रता और निरंतर अभ्यास का प्रमाण है एनआर स्कीट (पुरुष वर्ग) में अब्दुल्लाह अली और श्रदुल सेन ने किया शानदार प्रदर्शन अब्दुल्लाह अली ने स्कीट स्पर्धा में कमाल का प्रदर्शन करते हुए जूनियर, सीनियर और यूथ तीनों वर्गों में तीन स्वर्ण पदक प्राप्त किए।
वहीं श्रदुल सेन ने सभी वर्गों में तीन रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। खेल मंत्री श्री सारंग ने दी खिलाड़ियों को बधाई मध्यप्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा – “हमारे निशानेबाज़ों ने एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। श्रजल सिंह, अब्दुल्लाह अली औरश्रदुल सेन ने जिस प्रकार समर्पण और मेहनत से यह प्रदर्शन किया है, वह सभी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें विश्वास है कि आगामी स्पर्धाओं में भी हमारे खिलाड़ी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।” निरंतर प्रशिक्षण का दिखा असर मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में खिलाड़ियों को नियमित रूप से आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ कोचिंग के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह सफलता उसी सघन प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के अनुशासन का परिणाम है।
#शूटिंगचैंपियनशिप #स्कीटस्पर्धा #खेल #निशानेबाज #भोपाल