भोपाल। राजधानी के बैरसिया थाना इलाके में स्थित भौंरा गांव में बीती शाम को दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गये जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के समय एक बाइक पर दो और दूसरी पर तीन लोग सवार थे। घायलों में शामिल एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरु कर दी है। थाना पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि विनोद मीणा (30) गांव, भूत परासी, जिला विदिशा और सलीम बेलदार (25) वार्ड नंबर-7 बैरसिया का रहने वाला था। दोनों किसानी के साथ प्राइवेट काम करते थे। बीती शाम करीब सात बजे वे भूत परासी से बैरसिया की तरफ आ रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग विदिशा की तरफ जा रहे थे। इस दौरान भौंरा जोड़ बैरसिया में दोनों की बाइको की आपस मे आमने सामने से जोरदार भिंडत हो गई। हादसे के समय दोनों ही बाइक काफी तेज रफ्तार मे भाग रही थी। बाइक आपस में टकराते ही बाइक सवार कई मीटर की दूरी तक अलग-अलग गिरे थे। आसपास के लोगो की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैरसिया लेकर पहुंची, वहां विनोद मीणा और सलीम बेलदार की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीनों युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें इलाज के लिये बैरसिया से भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है। जिसमें शामिल एक की हालत नाजुक बताई गई है। पुलिस ने बताया कि दोनो बाईको की आपस मे टक्कर इतनी जोरदार थी, की हादसे के बाद दोनों बाइके कई हिस्सों में बिखर गई। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने सड़क साफ कराने दोनों बाइकों को उठवाकर साइड में कराया। सड़क पर बिखरे बाइकों के पुर्जों को जमा कर बाइकों के पास रख दिया गया।