सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल द्वारा वर्ष 2025–26 के दौरान ट्रेन दुर्घटनाओं जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संयुक्त फुल-स्केल एक्सरसाइज का आयोजन किया जा रहा है। सुखीसेवनिया रेलवे स्टेशन पर भोपाल रेल मंडल, 11वीं बटालियन आरपीएसएफ/आरपीएफ तथा एनडीआरएफ भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में दुर्घटना राहत एवं बचाव का व्यापक अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस अभ्यास में मंडल रेल प्रबंधक भोपाल पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। आरपीएसएफ/आरपीएफ 11वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट अनिल पाल के नेतृत्व में टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त आरपीएसएफ भोपाल के कमांडेंट कमलनाथ धुर्वे अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय जबलपुर से मुख्य चल शक्ति इंजीनियर आर.एस. वीका तथा डीसीएस/मुख्य सुरक्षा अधिकारी (यांत्रिक) भी इस अभ्यास के दौरान उपस्थित रहे। अभ्यास के दौरान दुर्घटना की एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें तीन कोचों को शामिल कर दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन का दृश्य बनाया गया। इनमें दो स्लीपर कोच और एक जनरल कोच को क्षतिग्रस्त दर्शाया गया। कोचों में रेलवे सांस्कृतिक अकादमी के कलाकारों तथा सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों को घायल और हताहत यात्रियों के रूप में शामिल किया गया, जिससे वास्तविक स्थिति जैसा वातावरण तैयार किया जा सके। दुर्घटना राहत अभ्यास की शुरुआत हुई, जब ड्यूटी पर तैनात लोको पायलट और गार्ड द्वारा स्टेशन प्रबंधक को दुर्घटना की सूचना दी गई। इसके बाद तुरंत रेलवे कंट्रोल को जानकारी दी गई और भोपाल से दुर्घटना राहत चिकित्सा यान को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही संबंधित रेलवे विभागों और जिला प्रशासन को भी सूचना भेजी गई। सूचना मिलते ही सिविल प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड, 108 एम्बुलेंस सेवा और स्थानीय अस्पतालों के डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ भी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत दलों ने मिलकर कोचों में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और उन्हें स्ट्रेचर के माध्यम से एम्बुलेंस द्वारा नजदीकी अस्पताल पीपुल्स अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान मंडल रेल प्रबंधक आरपीएसएफ/आरपीएफ के उपकरणों और रेलवे की दुर्घटना राहत गाड़ी का निरीक्षण भी किया। साथ ही ड्रोन कैमरे की सहायता से पूरे अभ्यास की वीडियोग्राफी की गई। संयुक्त दुर्घटना राहत अभ्यास सफलतापूर्वक किया गया।

#सुखीसेवनियास्टेशन #रेलवेसुरक्षा #दुर्घटनाराहत #बचावअभ्यास #भोपाल #रेलवेअभ्यास #आपदाप्रबंधन #फायरब्रिगेड #एम्बुलेंस