सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में सड़क सुरक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में उन्होंने सड़क सुरक्षा और यातायात सुधार के लिए तीन माह की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने और उस पर गंभीरता से अमल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
न्यायमूर्ति सप्रे ने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों को पूर्ण समर्पण के साथ समन्वित प्रयास करने होंगे। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों पर चिंता व्यक्त करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, नशे में वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और ड्राइविंग टेस्ट, फिटनेस जांच, बीमा एवं लाइसेंस अनिवार्यता को लागू करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र, नगर निगम आयुक्त, स्मार्ट सिटी व जिला पंचायत के सीईओ, और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिले के ब्लैक स्पॉट, चालानी कार्रवाई, जन-जागरूकता अभियानों की समीक्षा की गई।न्यायमूर्ति सप्रे ने कहा कि सभी शासकीय कर्मचारी नियमों का पालन कर दूसरों के लिए उदाहरण बनें। उन्होंने मीडिया और बड़े संस्थानों से सहयोग की अपील करते हुए सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
यह पहल भोपाल को एक सुरक्षित यातायात मॉडल शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

#भोपाल #सड़कसुरक्षा #न्यायमूर्ति_सप्रे #यातायात #सुरक्षा_निर्देश