सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भोपाल में विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली और प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराने के उद्देश्य से विशेष सत्र का आयोजन किया गया। सत्र में मुंबई डब्बावाला एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील गावंडे ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में एमपीयू की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा पटेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
“डब्बावाला : समय पर, हर बार एवं प्रबंधन से सीख” विषय पर आयोजित इस सत्र में गावंडे ने मुंबई की विश्वप्रसिद्ध डब्बावाला व्यवस्था के वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से परिचालन प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, समय प्रबंधन, टीमवर्क, अनुशासन, समन्वय और कार्यप्रणाली में उत्कृष्टता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी संगठन या कार्यप्रणाली की सफलता के लिए स्पष्ट जिम्मेदारी, प्रभावी समन्वय, समय की पाबंदी और टीम भावना अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर प्रक्रिया और मजबूत टीमवर्क के माध्यम से किस प्रकार बड़े स्तर पर काम को सफलतापूर्वक संचालित किया जा सकता है, मुंबई डब्बावाला मॉडल इसका प्रभावी उदाहरण है।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने डब्बावाला व्यवस्था की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझा। उन्हें यह जानने का अवसर मिला कि स्पष्ट प्रक्रियाओं, व्यवस्थित कार्य विभाजन, बेहतर समन्वय और अनुशासित कार्यशैली के माध्यम से प्रतिदिन बड़े स्तर पर सेवाओं का संचालन किस प्रकार किया जाता है। विशेष अतिथि ईशा पटेल की उपस्थिति ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उद्योग जगत के अनुभवों से सीखने के इस अवसर को और महत्वपूर्ण बनाया।
इस अवसर पर आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने प्रबंधन, कार्यस्थल की चुनौतियों, टीम संचालन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका व्यावहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया। संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाए जाने वाले प्रबंधन सिद्धांतों को वास्तविक कार्यस्थल की परिस्थितियों से जोड़कर समझने का अवसर मिला।
मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी द्वारा विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ उद्योग जगत के विशेषज्ञों से संवाद और वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने के अवसर निरंतर प्रदान किए जा रहे हैं। इस प्रकार के उद्योग केंद्रित सत्र विद्यार्थियों के पेशेवर कौशल, निर्णय क्षमता, टीमवर्क और कार्यस्थल संबंधी समझ को मजबूत करने के साथ उन्हें भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #शनल #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #जगत #पहल