आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आज यानी 16 अक्टूबर को सोना-चांदी के दामों में तेजी देखने को मिल रही है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने के दाम 641 रुपए चढ़कर 59,037 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। वहीं 18 कैरेट सोने की कीमत 44,277 रुपए हो गई है।

चांदी में भी आज 841 रुपए की बढ़त देखने को मिली है, इसके चलते ये 70,572 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। इससे पहले ये 69,731 रुपए पर थी। आने वाले दिनों में सोना-चांदी की कीमतों में और बढ़त देखने को मिल सकती है।

अक्टूबर में अब तक 1300 रुपए से ज्यादा मंहगा हुआ सोना

अक्टूबर महीने में अब तक सोना-चांदी के दामों में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। इस महीने अब तक सोने के दाम में 1318 रुपए की तेजी देखने को मिली है। इस महीने की शुरुआत यानी 1 अक्टूबर को ये 57,719 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था जो अब 59,037 रुपए पर है। वहीं चांदी 71,603 रुपए प्रति किलोग्राम से 70,572 रुपए पर आ गई है।

सोने की कीमतों में उछाल की बड़ी वजहें

रविवार से नवरात्र शुरू हो चुकी हैं। इसके साथ ही निवेश और शॉपिंग के लिए शुभ मुहूर्त की शुरुआत हो गई।

बाजार को लगता है कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ना अब बंद हो जाएगा। सोने के लिए ये सबसे बड़ा पॉजिटिव संकेत है।

बॉन्ड यील्ड गिरने, डॉलर में तेजी थमने और इजराइल-फिलिस्तीन युद्ध के चलते सोने में निवेश बढ़ने लगा है।

कीमतों में बढ़ोतरी जारी रहने के आसार

अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में तेजी जारी रहने के आसार हैं। HDFC सिक्युरिटीज के कमोडिटी और करंसी हेड अनुज गुप्ता ने कहा कि अंतराष्ट्रीय बाजार में बॉन्ड यील्ड घट रही है और डॉलर कमजोर हो रहा है। इससे गोल्ड को सपोर्ट जारी रहेगी।

इसके अलावा घरेलू बाजार में त्योहारों के लिए मांग बढ़ेगी। इसके बाद शादियों का सीजन शुरू हो जाएगा। ऐसे में डिमांड बढ़ने का असर कीमतों पर होगा। इससे दिवाली तक सोना 60 हजार और चांदी 73 हजार तक जा सकती है।

सिर्फ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें

अगर आप इन दिनों सोना खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो, ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से छह डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना बेचने पर रोक लगा दी गई है।

जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड है। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ ‘AZ452’ इस तरह का रहता है। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।