आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: अरब सागर में सोमालिया के तट के पास एक और जहाज हाईजैक कर लिया गया। इस पर 15 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार हैं। मामला 4 जनवरी का है, लेकिन इसकी जानकारी आज शुक्रवार को सामने आई। लाइबेरिया के फ्लैग वाले इस जहाज का नाम लीला नोर्फोर्क है।

भारतीय नौसेना ने बताया कि जहाज ने ब्रिटेन के मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) पोर्टल पर एक संदेश भेजा था। इसमें कहा गया था कि 4 जनवरी की शाम को 5-6 लोग हथियारों के साथ जहाज पर उतरे।

नेवी ने कहा- हम मामले पर नजर बनाए हुए हैं। मर्चेंट वेसल की सुरक्षा के लिए नेवी ने INS चेन्नई को जहाज की तरफ रवाना किया है। मरीन ट्रैफिक के मुताबिक, जहाज ब्राजील के पोर्टो डू एकू से बहरीन के खलीफा बिन सलमान पोर्ट जा रहा था। यह 11 जनवरी को लोकेशन पर पहुंचने वाला था।

मैप में सोमालिया और अरब सागर की लोकेशन देखी जा सकती है। हाईजैक किया गया जहाज सोमालिया के तट के पास था…

INS चेन्नई को लगातार ट्रैक कर रहे नेवल एयरक्राफ्ट

इंडियन नेवी ने कहा- हाईजैक की सूचना मिलते ही एक मैरिटाइम पैट्रोलिंग एयरक्राफ्ट P8I को जहाज की तरफ रवाना किया गया। एयरक्राफ्ट ने सुबह शिप की लोकेशन पर पहुंचकर क्रू से संपर्क किया है। सभी सुरक्षित हैं। नेवल एयरक्राफ्ट लगातार INS चेन्नई की लोकेशन ट्रैक कर रहे हैं।

वेसल फाइंडर के मुताबिक, जहाज से आखिरी बार 30 दिसंबर को संपर्क किया गया था। जहाज को किसने हाईजैक किया, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

14 दिसंबर को समुद्री लुटेरों ने माल्टा का जहाज हाईजैक किया था

अरब और लाल सागर में इन दिनों मर्चेंट वेसल पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इससे पहले 14 दिसंबर को भी समुद्री लुटेरों ने माल्टा के एक जहाज को हाईजैक कर लिया था।

इसके बाद नौसेना ने अपने एक युद्धपोत को अदन की खाड़ी में हाइजैक हुए जहाज MV रुएन की मदद के लिए भेजा था। जहाज को 6 लोगों ने अगवा किया था। भारतीय नौसेना ने माल्टा के जहाज से एक नाविक को रेस्क्यू किया था। यह नाविक गंभीर रूप से जख्मी था। इसका इलाज शिप पर मुमकिन नहीं था, लिहाजा उसे ओमान भेजा गया था।

द मैरीटाइम एग्जीक्यूटिव की रिपोर्ट के मुताबिक हाइजैक हुआ जहाज कोरिया से तुर्किये की तरफ जा रहा था। तभी सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने उस पर हमला कर दिया।