आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार (5 अक्टूबर) को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 500 अंक चढ़कर 65,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में 130 अंक से ज्यादा की तेजी रही। ये 19,550 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में तेजी और सिर्फ 4 में गिरावट देखने को मिल रही है।
NDTV के पूर्व प्रोमोटर्स प्रणय और राधिका रॉय को बड़ी राहत
NDTV के पूर्व प्रोमोटर्स प्रणय रॉय और राधिका रॉय को बड़ी राहत मिली है, सिक्योरिटीज एपीलेट ट्रिब्यूनल (SAT) ने मार्केट रेगुलेटर SEBI के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें इन दोनों को इनसाइडर ट्रेडिंग के मामले में शामिल रहने पर शेयर मार्केट से दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था।
ट्रिब्यूनल ने इन दोनों के खिलाफ अवैध रूप से कमाए गए लाभ को भी वापस करने का SEBI का आदेश रद्द कर दिया है। SEBI ने इनसाइडर ट्रेडिंग नियमों का कई बार उल्लंघन करने के लिए नवंबर 2020 में पूर्व NDTV प्रमोटरों को प्रतिबंधित कर दिया था। SEBI ने उन्हें इनसाइडर ट्रेडिंग में शामिल रहने के लिए 16.97 करोड़ रुपये से ज्यादा का अवैध लाभ भी लौटाने का निर्देश दिया था।
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी
कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर से बड़ी गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड 6% टूटकर 86 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। WTI क्रूड भी 84.50 डॉलर प्रति बैरल के करीब ट्रेड कर रहा है। कच्चा तेल 5 हफ्तों के निचले स्तर पर फिसल गया है।
RBI की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग का आज दूसरा दिन
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की मीटिंग आज दूसरा दिन है। 6 अक्टूबर को इस मीटिंग के नतीजों की घोषणा होगी। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि RBI लगातार चौथी बार ब्याज दरों को जस का तस रख सकती है। RBI ने फरवरी 2023 में रेपो रेट बढ़ाकर 6.5% की थी। तब से इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।
कल बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले कल यानी बुधवार (4 अक्टूबर) को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 286 अंक गिरकर 65,226 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में 92 अंक की गिरावट रही। ये 19,436 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 में गिरावट और 9 में तेजी देखने को मिली थी।