आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: शेयर बाजार में आज यानी सोमवार (8 जनवरी) को गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स 670 अंक की गिरावट के साथ 71,355 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 197 अंक की गिरावट रही, यह 21,513 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 में गिरावट और 6 में तेजी देखने को मिली। FMCG, IT और बैंकिंग शेयर्स में ज्यादा कमजोरी रही।

एशियन कंक्रीट्स एंड सीमेंट्स का अधिग्रहण करेगी ACC सीमेंट

अडाणी ग्रुप के स्वामित्व वाली ACC सीमेंट ने एशियन कंक्रीट्स एंड सीमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिग्रहण की घोषणा की है। ACC 425.96 करोड़ रुपए में 55% हिस्सेदारी खरीदेगी। ACC सीमेंट के पास पहले से ही एशियन कंक्रीट्स और सीमेंट्स में 45% हिस्सेदारी है, और अब इस सौदे से इसे 100% इक्विटी मिल जाएगी।

कल से खुलेगा ज्योति सीएनसी का IPO

ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन लिमिटेड का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए कल यानी 9 जनवरी से खुलेगा। रिटेल निवेशक इस IPO के लिए 11 जनवरी तक बोली लगा सकेंगे। 16 जनवरी को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर कंपनी के शेयर लिस्ट होंगे। इस इश्यू के जरिए 1,000 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है।

शुक्रवार को बाजार में रही थी तेजी

इससे पहले शुक्रवार (5 जनवरी) को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 178 अंक की तेजी के साथ 72,026 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 52 अंक की तेजी रही, यह 21,710 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 में तेजी और 15 में गिरावट देखने को मिली थी।