सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: शेयर बाजार आज हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार (19 अप्रैल) को तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 599.34 अंक की तेजी के साथ 73,088.33 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 151.15 अंक की तेजी रही, ये 22,147 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार में आज करीब 700 अंकों की गिरावट के बाद यह शानदार रिकवरी देखने को मिली।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में तेजी रही और सिर्फ 8 में गिरावट देखने को मिली। आज के कारोबार में PSU बैंक, प्राइवेट बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही।

चौथी तिमाही के नतीजों के बाद इंफोसिस में गिरावट

इंफोसिस के चौथी तिमाही के नतीजे घोषित होने के बाद आज उसके शेयर में करीब 1% की गिरावट रही। ये 0.51% की गिरावट के साथ 1,411.95 रुपए पर बंद हुआ। हालांकि, जेफरीज ने 14% अपसाइड और 1,630 रुपए के टारगेट प्राइस के साथ इंफोसिस के शेयर की BUY रेटिंग बरकरार रखी है।

वोडाफोन आइडिया के FPO में निवेश का दूसरा दिन

टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया (VI) का फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर यानी FPO कल से ओपन है। इस इश्यू के जरिए कंपनी ₹18,000 करोड़ जुटाना चाहती है। रिटेल निवेशक इस FPO के लिए 22 अप्रैल तक बोली लगा सकते हैं। 25 अप्रैल को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर कंपनी के ये शेयर लिस्ट होंगे। कल शेयर बाजार में रही थी गिरावट

शेयर बाजार में कल यानी गुरुवार, 18 अप्रैल को लगातार चौथे दिन गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 454 अंक की गिरावट के साथ 72,488 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 152 अंक की गिरावट रही थी। ये 21,995 के स्तर पर बंद हुआ था।