सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड– न्यूज़ भोपाल: हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन आज यानी 19 जनवरी को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 496 अंक की तेजी के साथ 71,683 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं, निफ्टी में भी 160 अंक की तेजी रही, यह 21,622 के लेवल पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में तेजी और 4 में गिरावट देखने को मिली। ONGC का शेयर निफ्टी का टॉप गेनर रहा।
ईपैक ड्यूरेबल लिमिटेड का IPO आज से ओपन
आज शेयर मार्केट में लिस्टिंग के लिए ईपैक ड्यूरेबल लिमिटेड का इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO ओपन हो गया है। इस इश्यू के जरिए कंपनी ₹640.05 करोड़ जुटाना चाहती है। रिटेल निवेशक इस IPO के 23 जनवरी तक बोली लगा सकेंगे। 29 जनवरी को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर कंपनी के शेयर लिस्ट होंगे।
आज NHPC के शेयर्स के लिए बोली लगा सकेंगे रिटेल इन्वेस्टर्स
पावर प्रोड्यूसर नेशनल हाइड्रो-इलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन (NHPC) में सरकार अपनी 3.5% स्टेक बेच रही है। सरकार इन शेयरों को ₹66 प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर बेचकर करीब ₹2300 करोड़ जुटाना चाहती है।
रिटेल इन्वेस्टर्स आज इसके शेयरों की बोली लगा सकते हैं। इसके साथ ही ऐसे नॉन रिटेल निवेशक भी बोली लगा सकते हैं जिन्हें पहले दिन शेयर अलॉट नहीं हुए हैं। इससे पहले बीते दिन यानी 18 जनवरी को केवल नॉन-रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए शेयरों की बोली का ऑफर खुला था।
कल बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले कल यानी 18 जनवरी को लगातार तीसरे दिन शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 313 अंक की गिरावट के साथ 71,186 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 109 अंक की गिरावट देखने को मिली। यह 21,462 के लेवल पर बंद हुआ था।