सीएनएन सेंट्रल न्यूज एंड नेटवर्क-आईटीडीसी इंडिया प्रेस / आईटीडीसी न्यूज भोपाल: शेयर बाजार में आज यानी सोमवार, 22 अप्रैल को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 400 अंक की तेजी के साथ 73,500 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में भी करीब 150 अंकों की तेजी देखने है। ये 22,300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

आज के कारोबार में सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में तेजी और केवल 5 में गिरावट है। वहीं NSE के सभी 16 सेक्टोरल इंडेक्स बढ़कर कारोबार कर रहे हैं। सबसे ज्यादा बढ़त कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में हैं। ये 2.40% से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है।

सरकारी बैंक के स्टॉक्स में भी तेजी देखने को मिल रही है। यूनियन और कैनरा बैंक करीब 4% ऊपर है। निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 1.98% बढ़ा है। निफ्टी रियल्टी में 1.35% और निफ्टी फार्मा में 1.22% की बढ़त है। इनके अलावा निफ्टी ऑटो 0.86% और FMCG 0.74% चढ़ा है।

चौथी तिमाही के नतीजों के बाद जियो फाइनेंशियल 3% चढ़ा

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर में आज करीब 3% की तेजी है। इसका शेयर करीब 11 रुपए बढ़कर 381 रुपए पर कारोबार कर रहा है। कंपनी ने 19 अप्रैल को बाजार बंद होने के बाद वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए थे।

जनवरी-मार्च तिमाही में जियो फाइनेंशियल का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 6% बढ़कर ₹310 करोड़ रहा। इसकी नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 280 करोड़ रुपए रही। वहीं टोटल इंटरेस्ट इनकम 418 करोड़ रुपए और टोटल रेवेन्यू 418 करोड़ रुपए रहा।

इससे पहले तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में जियो फाइनेंशियल का नेट प्रॉफिट 293 करोड़ रुपए रहा था। वहीं तीसरी तिमाही (Q3FY24) में नेट इंटरेस्ट इनकम 269 करोड़ रुपए रही थी। वहीं टोटल इंटरेस्ट इनकम 414 करोड़ रुपए और टोटल रेवेन्यू 413 करोड़ रुपए रहा था।

शुक्रवार को बाजार में रही थी तेजी

पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार करीब 600 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ था। बाजार के शुरुआती कुछ घंटों में सेंसेक्स करीब 700 अंक तक नीचे जाने के बाद रिकवरी करते हुए 599 अंक बढ़कर 73,088 पर बंद हुआ था।

वहीं, निफ्टी में भी 151.15 अंक की तेजी रही, ये 22,147 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में तेजी रही और सिर्फ 8 में गिरावट दिखी थी। कारोबार में PSU बैंक, प्राइवेट बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी थी।

वोडाफोन आइडिया के FPO में निवेश का आखिरी दिन

टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया (VI) का फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर यानी FPO 18 अप्रैल से ओपन है। इस इश्यू के जरिए कंपनी ₹18,000 करोड़ जुटाना चाहती है।

रिटेल निवेशक इस FPO के लिए आज यानी 22 अप्रैल तक बोली लगा सकते हैं। 25 अप्रैल को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर कंपनी के ये शेयर लिस्ट होंगे।