आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी 2 जनवरी को गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स 379 अंक की गिरावट के साथ 71,892 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 76 अंक की गिरावट रही। ये 21,665 के स्तर पर बंद हुआ। बैंकिंग, IT और मेटल शेयर्स में ज्यादा गिरावट है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में गिरावट और 8 में तेजी देखने को मिली है। इससे पहले कल बाजार ने ऑल टाइम हाई बनाया था।

स्टारलिंक को 33% हिस्सेदारी नहीं बेचेगी वोडाफोन-आइडिया

वोडाफोन आइडिया अपनी 33% हिस्सेदारी को एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट फर्म स्टारलिंक को नहीं बेच रही है। वोडाफोन आइडिया ने इस बारे में सेबी को जानकारी दी है। इससे पहले कई न्यूज रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सरकार वोडाफोन आइडिया में अपनी 33% हिस्सेदारी को एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट फर्म स्टारलिंक को बेच सकती है। इसके बाद सेबी ने इस रिपोर्ट को लेकर कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा था। आज वोडाफोन आइडिया के शेयर में 5% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है।

विदेशी संस्थागत निवेशकों की ओर से बिकवाली

नए साल के पहले कारोबारी सेशन में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की ओर से बिकवाली दिखी। जबकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की ओर से खरीदारी दिखी है। FII ने 1 जनवरी को 855.80 करोड़ रुपए की बिकवाली की। जबकि, इस दौरान 410.46 करोड़ रुपए की खरीदारी दिखी।

कल बाजार ने बनाया था ऑल टाइम हाई

इससे पहले कल यानी नए साल के पहले दिन (1 जनवरी 2024) शेयर बाजार ने नया ऑल टाइम हाई बनाया था। सेंसेक्स ने 72,561 और निफ्टी ने 21,834 का स्तर छुआ। हालांकि इसके बाद इसमें थोड़ी गिरावट देखने को मिली और सेंसेक्स 31 अंक की बढ़त के साथ 72,271 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 10 अंक की बढ़त रही, यह 21,741 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 में गिरावट और 13 में तेजी देखने को मिली थी।