सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / सीहोर : सीहोर स्थित राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (एनआईएमएचआर) में ‘‘नो हेल्थ विदआउट मेंटल हेल्थ’’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में देशभर से लगभग 250 पुनर्वास प्रोफेशनल्स, विशेषज्ञ और विद्यार्थी शामिल हुए। सम्मेलन का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास के महत्व और समग्र स्वास्थ्य में इसकी भूमिका पर विचार-विमर्श करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान की शासी परिषद के अध्यक्ष तेज बहादुर सिंह एवं कार्यकारिणी सदस्यों संजय शर्मा और डॉ. अर्जुन सिंह ने किया। उद्घाटन सत्र में एम्स भोपाल के मनोचिकित्सा विभागाध्यक्ष विजेन्द्र सिंह, बीएमएचआरसी भोपाल के विशेषज्ञ तथा अन्य वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।


सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में मानसिक पुनर्वास की अवधारणा और चुनौतियों पर चर्चा हुई। दूसरे सत्र में आत्महत्या की रोकथाम और संकट प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी गई। तीसरे और चौथे सत्र में कार्यस्थल पर मानसिक स्वास्थ्य और इसके प्रभावों पर प्रकाश डाला गया। पांचवे सत्र में शिक्षा व्यवस्था में आत्महत्या की रोकथाम पर चर्चा हुई, वहीं छठे सत्र में मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास में डिजिटल समाधान और नवाचार पर विचार साझा किए गए। कार्यक्रम के दौरान संस्थान का पहला न्यूज लेटर ‘‘उन्मेष’’ भी लॉन्च किया गया।

इस अवसर पर सचिव राजेश अग्रवाल, आईएएस और संयुक्त सचिव राजीव शर्मा, आईएफएस ने प्रतिभागियों को संबोधित कर मार्गदर्शन प्रदान किया। अंत में क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई और सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। संस्थान के निदेशक अखिलेश कुमार शुक्ला ने समापन संबोधन में मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास को सामाजिक प्राथमिकता बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

#मानसिकस्वास्थ्य #सीहोर #राष्ट्रीयसम्मेलन #पुनर्वास #स्वास्थ्य