ITDC India e-Press / Agencies

कोरबा  कोरबा जिले में नववर्ष की पूर्व रात्रि दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम झाबर में हुए सनसनीखेज गोली कांड के मामले में पुलिस द्वारा लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही है। ग्राम झाबर निवासी विवाहिता युवती सरोजनी 25 वर्ष को 31 दिसंबर की रात करीब 11:15 बजे घर में घुस कर दो अज्ञात लोगों में से एक ने गोली मार दी।

यह गोली सरोजनी के दाहिने कान के पास से छूते हुए निकल गई। गोली ना तो सरोजिनी के माथे पर लगी और ना चेहरे में घुसी लेकिन गोली लगने से सरोजिनी जख्मी हुई है। उसे इलाज के लिए रात में ही कोसाबाड़ी स्थित अस्पताल लाया गया जहां से प्रारंभिक उपचार बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है। युवती की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस को युवती के होश में आने का इंतजार है ताकि गोली मारने से पहले हुए घटनाक्रम और बातचीत का पता चल सके। गोली मारने वाले चेहरा बांधकर पहुंचे थे, शोर-शराबा सुनकर घर में मौजूद अन्य परिजन जब तक बाहर निकले तब तक गोली मारने वाले भाग चुके थे। महिला के पति के मुताबिक वह घर पर नहीं था, उसे फोन करके सरोजनी ने बुलाया था और जब तक वह पहुंचा तब तक गोली कांड हो चुका था।

घटनाक्रम को लेकर कई तरह की बातें हवा में तैरने लगी हैं। युवती के परिजनों का आरोप है कि उसके पति ने ही गोली मरवाई है, वहीं प्रेम प्रसंग, पारिवारिक अनबन, दंपत्ति में खींचतान को भी जांच के दायरे में रखा गया है। उड़ती खबरों के मुताबिक घटनाक्रम को नशा के कारोबार से जोड़कर भी लोगों द्वारा देखा जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली बरामद कर ली है जो 7 पॉइंट 65 एमएम की बताई जा रही है।

यह गोली ब्रांडेड पिस्टल से चलाई गई है। जानकर बताते हैं कि अक्सर इस तरह के कारतूस का इस्तेमाल आत्मरक्षा वाले पिस्टल में उपयोग होता है। गोली चलाने का मकसद क्या था, किस बात को लेकर इस घटनाक्रम को अंजाम दिया गया है इसका खुलासा होना अभी शेष है।

मौजूदा साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की हर संभव कोशिश पुलिस ने जारी रखी है। इन सबके बीच घायल युवती के जल्द होश में आने की संभावना जताई गई है। कल रात से लेकर अब तक सरोजनी को आईसीयू में ही रखा गया है।