सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक भोपाल सर्किल और मध्यप्रदेश पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में “साइबर सुरक्षा जागरूकता महाअभियान 2025 -26” का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सीएम हाउस से साइबर रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। यह रथ आगामी चार महीनों तक मध्यप्रदेश के कुल 42 प्रमुख साइबर अपराध हॉटस्पॉट स्थलों पर भ्रमण करेगा, जहां नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा, पासवर्ड प्रोटेक्शन, ऑनलाइन ठगी से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया जाएगा।
माननीय मुख्यमंत्री व्यस्त कार्यक्रमों के कारण भारतीय स्टेट बैंक के स्थानीय प्रधान कार्यालय, भोपाल में आयोजित मुख्य समारोह में उपस्थिति दर्ज नहीं करवा सके, लेकिन मुख्यमंत्री और एसबीआई चेयरमैन सी. एस. सेट्टी का प्रेरक संदेश स्थानीय प्रधान कार्यालय में आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में वीडियो के माध्यम से प्रसारित किया गया।
भारतीय स्टेट बैंक के स्थानीय प्रधान कार्यालय भोपाल में दीप प्रज्वलन के साथ भव्य उद्घाटन, मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें विशिष्ट अतिथि ए.साईं मनोहर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर), मध्यप्रदेश, हरिनारायण चारी मिश्र, पुलिस कमिश्नर भोपाल, प्रणय एस. नागवंशी, पुलिस अधीक्षक (साइबर मुख्यालय, मध्यप्रदेश), चंद्र शेखर शर्मा ,डीएमडी एवं भोपाल सर्कल प्रमुख भारतीय स्टेट बैंक, शिवकुमार बोस, बैंकिंग लोकपाल,RBI भोपाल, स्वदेश सिंह, डीजीएम,(OIC) भारतीय रिज़र्व बैंक भोपाल, एवं भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारीगणों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशेष वक्तव्य मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा “डिजिटल सुरक्षा आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। मैं भारतीय स्टेट बैंक को इस अभिनव महाअभियान के लिए शुभकामनाएं देता हूं और इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा करता हूं कि बैंक सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए जनता की आर्थिक सुरक्षा के लिए इतना व्यापक प्रयास कर रहा है।” एडीजी साइबर ए. साईं मनोहर ने कहा “साइबर अपराध अब केवल तकनीकी चुनौती नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा का गंभीर मुद्दा है। इस अभियान में भारतीय स्टेट बैंक के साथ हम जन- जन तक सतर्कता और सुरक्षा का संदेश पहुँचाएँगे।”
डीएमडी चंद्र शेखर शर्मा ने कहा “भारतीय स्टेट बैंक के लिए अपने ग्राहकों और आमजन की डिजिटल सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह महाअभियान समाज में साइबर जागरूकता का नया अध्याय लिखेगा।”
अभियान की प्रमुख गतिविधियां साइबर रथ में ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति ऑडियो-वीडियो माध्यम से साइबर सुरक्षा की जानकारी का प्रसार। नुक्कड़ नाटक साइबर अपराध से प्रभावित प्रमुख स्थलों पर लाइव प्रस्तुतियां। कठपुतली शो रोचक शैली में जागरूकता संदेश का प्रसारण। ‘साइबर वार्ता’साइबर सेल अधिकारियों एवं विशेषज्ञों के साथ संवाद। पैम्फलेट वितरण आसान भाषा में साइबर सुरक्षा टिप्स और मार्गदर्शन। रेडियो प्रचार संदेश को हर घर तक पहुंचाना। सोशल मीडिया अभियान जागरूकता को हर व्यक्ति तक पहुंचाना। साइबर रथ – 42 हॉटस्पॉट स्थलों पर गांव-गांव और शहर-शहर जागरूकता का संदेश यह रथ मध्यप्रदेश के कुल 42 प्रमुख हॉटस्पॉट स्थलों पर जाकर स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, ग्रामीण क्षेत्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों को साइबर सुरक्षा की बारीकियों से अवगत कराएगा। “साइबर रथ” में माननीय मुख्यमंत्री, भारतीय स्टेट बैंक के चेयरमैन, एडीजी (साइबर), पुलिस आयुक्त भोपाल और एसपी (साइबर),मध्यप्रदेश के वीडियो संदेशों के साथ-साथ साइबर सुरक्षा जागरूकता पर आधारित शैक्षिक वीडियो भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य डिजिटल लेन-देन और ऑनलाइन गतिविधियों में सुरक्षा सुनिश्चित करना और साइबर अपराध के प्रति सामूहिक प्रतिरोध खड़ा करना है।
भारतीय स्टेट बैंक के उच्च प्रबंधन का मानना है कि यह महाअभियान डिजिटल सुरक्षा और आर्थिक संरक्षण के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा और आमजन को साइबर अपराधों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
#SBI #साइबरसुरक्षा #जागरूकता_अभियान #साइबरसतर्क #भोपाल