सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री द्वारा मध्यप्रदेश के धार जिले के भैसोला ग्राम से शुभारंभ किए गए “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत सरोजनी नायडू शासकीय स्वशासी कन्या महाविद्यालय, शिवाजी नगर में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह अभियान 02 अक्टूबर 2025 तक पूरे प्रदेश में जारी रहेगा। अभियान के दौरान छात्राओं और शिक्षकों को आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ आईडी बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, सिकल सेल स्क्रीनिंग, किशोरियों में पोषण, एनीमिया जागरूकता और क्षय रोग जांच सहित स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त छात्रों और शिक्षकों के लिए “खुल के पूछो” सत्र आयोजित किया गया, जिसमें वे विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपने स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछ सकते थे।

शिविर में स्वास्थ्य संबंधी खेल, जुम्बा सत्र और शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली को प्रोत्साहित किया गया। इच्छुक स्वयंसेवकों के लिए स्वैच्छिक रक्तदान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। आयोजन का उद्देश्य स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना, मिथकों का निराकरण करना और समुदाय में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। अभियान के पखवाड़े के दौरान प्रदेशभर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल अस्पताल, जिला चिकित्सालय और निजी चिकित्सालयों में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। टी.बी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय मित्रों का चयन कर उनके माध्यम से फूड बास्केट का वितरण भी किया जा रहा है।
इस पहल में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण, जनसंपर्क और आवास एवं नगरीय विकास विभाग सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं परिवारों में स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुँच सुनिश्चित करना है।
#सरोजनी_नायडू_महाविद्यालय #स्वास्थ्य_शिविर #स्वस्थ_नारी #सशक्त_परिवार #भोपाल