सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे का जन्मदिन भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के उत्सव के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत किया। विभिन्न भारतीय भाषाओं में दी गई जन्मदिन की शुभकामनाओं ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स द्वारा कुलाधिपति के एस्कॉर्ट और एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा तिलक के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविध परंपराओं और लोक संस्कृतियों की झलक प्रस्तुत की।

एक भारत श्रेष्ठ भारत क्लब के सौजन्य से विद्यार्थियों ने कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा में मंच पर आकर संतोष चौबे को अलग-अलग भारतीय भाषाओं में जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय की कुलसचिव संगीता जौहरी ने भी सिंधी भाषा में शुभकामनाएं देकर भाषाई विविधता के इस उत्सव में सहभागिता की।

कार्यक्रम में स्वागत गीत, कविता पाठ, भारतीय फ्यूजन नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, राजस्थानी लोकनृत्य और भांगड़ा सहित अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। रैम्प वॉक के माध्यम से विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक पहचान को प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने भारत की ‘विविधता में एकता’ की भावना को जीवंत रूप में सामने रखा। इस अवसर पर वक्ताओं ने संतोष चौबे के शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और मीडिया के क्षेत्र में योगदान को रेखांकित किया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को भारतीय भाषाओं, साहित्य और संस्कृति से जोड़ने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विश्वरंग के माध्यम से भारतीय भाषाओं और संस्कृति को राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंच प्रदान करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

आरएनटीयू में डॉ.संतोष चौबे का जन्मदिन भाषाई-सांस्कृतिक विविधता संग मना

गोद ग्राम हिनोतिया में बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन संतोष चौबे का जन्मदिन राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस के अवसर पर रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के गोद ग्राम हिनोतिया में भी बच्चों के साथ मनाया। विश्वविद्यालय द्वारा स्थापित संतोष चौबे पुस्तकालय में बच्चों के लिए विशेष रूप से ‘अ से अनार की पाठशाला’ आयोजित की गई।

इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने बच्चों को बाल कविताएं और कहानियां सुनाईं तथा उन्हें शिक्षा, सकारात्मक सोच और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने सामूहिक रूप से “हैप्पी बर्थडे टू चांसलर सर” कहकर संतोष चौबे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बच्चों को चॉकलेट और लेखन सामग्री भी वितरित की गई। स्वयंसेवकों ने बच्चों से संवाद करते हुए बताया कि किताबें केवल ज्ञान का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे बच्चों की कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और सीखने की क्षमता को भी विकसित करती हैं। गोद ग्राम में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी गब्बर सिंह एवं रेखा गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवक माक्शी ढाकोलिया, दानिश अशरफ सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में केक कटिंग की गई। विश्वविद्यालय परिवार ने संतोष चौबे के स्वस्थ, दीर्घ और रचनात्मक जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #आरएनट #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #एनस #एनएसएस