सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :    मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति और नाको के सहयोग से बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के रासेयो प्रकोष्ठ एवं मुक्त इकाई ने बीएसएसएस महाविद्यालय की संगठन व्यवस्था में महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या महाविद्यालय परिसर में राज्य स्तरीय “रेड रन मिनी मैराथन” का आयोजन किया। इस 10 किमी मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ और नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।  मैराथन का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुश्री सुचिस्मिता सक्सेना, परियोजना संचालक मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में डॉ. अशोक कुमार श्रोती, उप-सलाहकार, क्षेत्रीय निदेशालय (म.प्र.-छ.ग.), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय  मनोज कुमार अग्निहोत्री, राज्य एनएसएस अधिकारी  अनंत कुमार सक्सेना, कार्यक्रम समन्वयक, एवं अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।

मैराथन के मार्ग में पॉलीटेक्नीक चौराहा, स्मार्ट रोड, भारत माता चौराहा, माता मंदिर चौराहा, न्यू मार्केट, रोशनपुरा चौराहा और बाण गंगा से होते हुए के एन प्रधान चौराहा तथा पुलिस मुख्यालय से रवींद्र भवन तक का मार्ग तय किया गया। राज्य के सातों रासेयो युक्त विश्वविद्यालयों से चयनित 42 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जबकि स्थानीय रेड रिबन क्लब और राष्ट्रीय सेवा योजना के 300 से अधिक युवाओं ने 3 किमी वॉकथॉन में सहभागिता की।

बालक वर्ग में मुकेश डामोर (सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन), गोलू कटारिया (बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल) और यश त्यागी (जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर) विजेता रहे। बालिका वर्ग में आध्या सिंह, मेघा पवार और साक्षी सूर्यवंशी ने शीर्ष स्थान हासिल किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान विजेताओं को क्रमशः ₹10,000, ₹7,000 और ₹5,000 की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान पोस्टर, नुक्कड़ नाटक और फ्लैश मॉब के माध्यम से “यूथ अगेंस्ट एचआईवी/एड्स” का संदेश भी फैलाया गया। युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि नई पीढ़ी न केवल अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम का सफल संचालन राहुल सिंह परिहार एवं डी. बी. सिंह और टीम द्वारा किया गया।

#रेड_रन_मैराथन2025 #स्वस्थ_समाज #नशा_मुक्त_भारत #युवाओं_का_संदेश #भोपाल