आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार 11 जनवरी को मामूली तेजी देखने को मिली है। सेंसेक्स 63 अंक की तेजी के साथ 71,721 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 28 अंक की बढ़त रही, यह 21,647 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में गिरावट और 14 में तेजी देखने को मिली है। वहीं ऑटो, ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 1% की बढ़त देखने को मिली। इसके अलावा एनर्जी, ऑटो और इंफ्रा शेयरों में भी तेजी रही। जबकि IT, FMCG और मेटल शेयरों पर दबाव रहा।
इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई के बाद पॉलीकैब के शेयर में आज 20% की गिरावट देखने को मिली। इसका शेयर 1,007 रुपए गिरकर 3904 रुपए पर बंद हुआ। इनकम टैक्स विभाग ने बुधवार को पॉलीकैब ग्रुप के खिलाफ रेड की। इसमें IT विभाग ने करीब 1,000 करोड़ रुपए की नकद में बिक्री का पता चला है।
आज TCS और इंफोसिस सहित कई कंपनियों के तिमाही नतीजे
आज कई कंपनियों के वित्त वर्ष 2023-24 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) के नतीजे जारी होंगे। आज टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस, एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी, 5पैसा कैपिटल, एजीआई इंफ्रा, फंडवाइज़र कैपिटल (इंडिया), जीटीपीएल हैथवे और केनवी ज्वेल्स सहित कई अन्य कपनियों के नतीजे जारी होंगे।
कल भी बाजार में रही थी तेजी
इससे पहले कल यानी बुधवार 10 जनवरी को भी शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 271 अंक की तेजी के साथ 71,657 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 73 अंक की बढ़त रही, यह 21,618 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में गिरावट और 14 में तेजी देखने को मिली थी।