आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में रीडेवलप किए गए इंटरनेशनल एग्जीबिशन-कम-कन्वेंशन सेंटर (IECC) का इनॉगरेशन आज शाम 6:30 बजे करेंगे। इससे पहले उन्होंने यहां हवन और पूजा की। कन्वेंशन सेंटर का रीडेवलपमेंट 2,700 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है।
इस कन्वेंशन सेंटर में 9 से 10 सितंबर तक 18वीं G-20 बैठक होगी। सरकारी एजेंसी इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन यानी ITPO का बनाया यह कॉम्प्लेक्स 123 एकड़ में फैला है। IECC दुनिया के लीडिंग एग्जीबिशन और कन्वेंशन सेंटर्स में से एक है। यह कॉम्प्लेक्स देश का सबसे बड़ा MICE (मीटिंग्स, इंसेंटिव, कांफ्रेंस और एग्जीबिशन) सेंटर है।
इसमें 7,000 से ज्यादा लोगों के बैठने की क्षमता है और यह सिडनी के ओपेरा हाउस से भी बड़ा है, जहां 5,500 लोग बैठ पाते हैं। इस कन्वेंशन सेंटर में 3,000 व्यक्तियों के बैठने की क्षमता वाला एक एम्फीथिएटर भी है, जो तीन PVR थिएटरों के बराबर है। मीटिंग रूम में 100 लोग एक साथ बैठ सकते हैं। 5,500 से ज्यादा वाहनों के लिए पार्किंग की जगह भी दी गई है।
दुनिया के टॉप 10 कन्वेंशन कॉम्प्लेक्स में शामिल
दिल्ली के प्रगति मैदान में स्थित भारत का यह कन्वेंशन सेंटर दुनिया के टॉप 10 कन्वेंशन सेंटर्स में शामिल हो गया है। यह जर्मनी के हनोवर एग्जीबिशन सेंटर और शंघाई के नेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर को टक्कर देता है।
4 जुलाई को PM ने किया था साईं हीरा ग्लोबल कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में साईं हीरा ग्लोबल कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन किया था। इसे सत्य साईं सेंट्रल ट्रस्ट ने बनवाया है। प्रशांति निलयम सत्य साईं बाबा का मुख्य आश्रम है। यह बिल्डिंग लगभग 56 हजार 500 वर्ग फुट में बनाई गई है। इसमें दो सभागार हैं, दोनों में ही एक-एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता है।