आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले पर बयान दिया है। फाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में PM मोदी ने कहा- कुछ घटनाएं अमेरिका-भारत रिश्तों को बेपटरी नहीं कर सकतीं हैं।

अगर हमारे देश का कोई नागरिक दूसरे देश में अच्छा या बुरा काम करता है तो हम जिम्मेदारी लेते हैं। हम इस बारे में बताया गया है तो हम जांच करने के लिए तैयार हैं। हम कानून का पालन करते हैं।

दरअसल, अमेरिकी सरकार ने आरोप लगाया था कि न्यूयॉर्क में पन्नू पर जानलेवा हमले की साजिश रची गई थी। इसमें भारत का हाथ था। इस साजिश को नाकाम कर दिया गया। हालांकि, यह नहीं बताया गया कि हमला किस दिन होने वाला था।

जून 2023 में PM नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे के बाद ही अमेरिकी अधिकारियों ने भारत के सामने यह मुद्दा उठाया था। इस बात का खुलासा 22 नवंबर 2023 को पब्लिश हुई फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में हुआ था।

कुछ घटनाओं को डिप्लोमैटिक रिलेशन्स से न जोड़ा जाए

मोदी ने कहा- अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में ये तत्व डराने-धमकाने और हिंसा भड़काने में लगे हुए हैं। भारत विदेशों में स्थित कुछ चरमपंथी समूहों की गतिविधियों के बारे में चिंतित है। अमेरिका के साथ हमारे रिश्ते काफी मजबूत हैं। सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी सहयोग हमारी साझेदारी का एक मुख्य आधार रहा है। कुछ घटनाओं को दोनों देशों के डिप्लोमैटिक रिलेशन्स से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

भारतवंशी सांसदों ने कहा था- पन्नू केस रिश्तों को खतरे में डाल सकता है

16 दिसंबर 2023 को पांच भारतवंशी सांसद एमी बेरा, प्रमिला जयपाल, रो खन्ना, राजा कृष्णमूर्ति और श्री थानेदार ने कहा था- पन्नू की हत्या की साजिश मामले में जांच नहीं हुई तो भारत और अमेरिका के रिश्ते खतरे में पड़ सकते हैं। यह बेहद गंभीर मामला है। भारत यह सुनिश्चित करे कि ऐसा फिर कभी नहीं होगा। भारत ऐसी साजिश अमेरिकी जमीन पर दोबारा न करे और जांच में पूरा सहयोग करे।

निखिल गुप्ता पर पन्नू की हत्या की साजिश का आरोप

अमेरिका में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में 29 नवंबर को न्यूयॉर्क पुलिस की चार्जशीट सामने आई थी। इसमें भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर पन्नू की हत्या की साजिश का आरोप है। इसमें लिखा है- भारत के एक पूर्व CRPF अफसर ने उसे पन्नू की हत्या की प्लानिंग करने को कहा था।

पन्नू की हत्या करने के लिए 83 लाख रुपए में डील हुई

चार्जशीट में लिखा है कि भारतीय अफसर के कहने पर निखिल ने एक अपराधी से पन्नू के मर्डर के लिए कॉन्टैक्ट किया, लेकिन असल में वह एक अमेरिकी एजेंट था। इस एजेंट ने निखिल की पहचान एक और अंडरकवर अधिकारी से कराई, जिसने पन्नू का मर्डर करने की बात कही। इसके लिए करीब 83 लाख रुपए में डील हुई थी।